AJINKYA RAHANE

भारत में एक तरफ वनडे विश्व कप 2023 का आयोजन हो रहा है तो दूसरी तरफ सैय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2023 (SMAT 2023) खेली जा रही है। इस टूर्नामेंट का बीते दिन मुंबई और हरियाणा के बीच जबरदस्त मुकाबला खेला गया। इस मैच में मुंबई की अगुवाई कर रहे धाकड़ बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए 13 गेंदों के शेष रहते हुए टीम को जीत दिलाई।

सैय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2023 (SMAT 2023) के तहत सोमवार को मुंबई और हरियाणा के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। पहले बल्लेबाजी करते हुए हरियाणा ने बारिश से प्रभावित मैच में पांच विकेट पर 147 रन का स्कोर बनाया।

इस दौरान हर्षल पटेल ने 38 और अंकित कुमार ने 36 रनों की पारी खेली। मुंबई के तनुष कोटियान ने सिर्फ 19 रन खर्च करते हुए 3 विकेट हासिल किए।

हरियाणा के खिलाफ गर्जा कप्तान अजिंक्य रहाणे का बल्ला

हरियाणा द्वारा दिए गए लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई ने विस्फोटक प्रदर्शन किया। सैय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2023 (SMAT 2023) के तहत खेले गए मैच में  टीम के पहला झटका ओपनर यशस्वी जायसवाल (12) के रुप में लगा। उन्हें  अंशुल कंबोज ने दूसरे ओवर में आउट किया।

वहीं, तीसरे नंबर पर उतरे अजिंक्य रहाणे ने आतिशी पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। उन्होंने 3 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 76 रनों की नाबाद पारी खेली। इस दौरान रहाणे ने अमित मिश्रा, जयंत यादव, युजवेंद्र चहल, हर्षल पटेल और मोहित शर्मा जैसे घातक गेंदबाजों को निशाना बनाया।

मालूम हो कि सैय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2023 (SMAT 2023) का ये टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट में खेला जा रहा है। इसमें 38 टीमें शामिल हैं जिन्हें पांच ग्रुप में बांटा गया है। ये टीमें लीग चरण में 126 मैच खेलेंगी जिसके बाद दो प्रारंभिक क्वार्टरफाइनल और चार क्वार्टरफाइनल होंगे।

क्वार्टर फ़ाइनल में प्रत्येक समूह की शीर्ष टीम शामिल होगी, और तीन प्रारंभिक क्वार्टर फ़ाइनल के विजेता आगे बढ़ेंगे। ये मुकाबले जयपुर, मुंबई, रांची, मोहाली और देहरादून में 11 स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे। वहीं, नॉकआउट चरण मोहाली में होंगे।

पांच ग्रुप में बांटी गई टीमें

ग्रुप ए: हरियाणा, बड़ौदा, छत्तीसगढ़, मेघालय, हैदराबाद, मिजोरम, मुंबई, जम्मू और कश्मीर।

ग्रुप बी: असम, हिमाचल प्रदेश, केरल, बिहार, चंडीगढ़, ओडिशा, सिक्किम, सेवाएं।

ग्रुप सी: आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, गोवा, गुजरात, मणिपुर, पंजाब, रेलवे, सौराष्ट्र।

ग्रुप डी: बंगाल, झारखंड, महाराष्ट्र, पुडुचेरी, राजस्थान, उत्तराखंड, विदर्भ।

समूह ई: दिल्ली, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, नागालैंड, तमिलनाडु, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश।

ALSO READ: IND vs PAK: भारत-पाक मैच में खो गया उर्वशी रौतेला का 24 कैरट गोल्ड का iPhone, चोर ने लीक की सर्च हिस्ट्री!

Published on October 17, 2023 6:57 pm