captains list for ipl 2024

आईपीएल 2024 के लिए तैयारियां शुरु हो गई हैं। रविवार को 10 टीमों ने रिटेन और रिलीज किए जाने वाले खिलाड़ियों की सूची भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को सौंपी। इनमें कुल 173 खिलाड़ियों को रिटेन किया गया है जबकि 89 प्लेयर्स को रिलीज किया गया है। अब फैंस को 19 दिसंबर को होने वाले मिनी ऑक्शन का इंतज़ार है।

बहरहाल, आज हम आपको इन टीमों के कप्तानों के विषय में बताएंगे जो आईपीएल 2024 में इनका नेतृत्व करते नज़र आएंगे।

रोहित शर्मा (मुंबई इंडियंस)

आईपीएल 2024 में मुंबई इंडियंस की कमान रोहित शर्मा एक बार फिर संभालते नज़र आएंगे। रविवार को जारी सूची से पहले अफवाह थी कि फ्रेंचाइजी उन्हें रिलीज करने का मन बना रही है। लेकिन ये सब दावे तब गलत साबित हुए जब टीम मैनेजमेंट ने उन्हें बतौर कप्तान रिटेन किया। रोहित के नेतृत्व में एमआई 5 बार आईपीएल का खिताब हासिल कर चुकी है।

महेंद्र सिंह धोनी (चेन्नई सुपर किंग्स)

आईपीएल 2024 से पहले फैंस को खुशखबरी मिल गई है। उनके फेवरेट और थाला के नाम से मशहूर महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी करते नज़र आएंगे। माना जा रहा था कि वह इस सीजन से पहले रिटायरमेंट अनाउंस कर देंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

धोनी को उनकी टीम ने रिटेन किया है और नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी है। रोहित की तरह धोनी भी चेन्नई को पांच बार आईपीएल का खिताब जिता चुके हैं।

फाफ डु प्लेसिस (रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर)

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने आईपीएल 2024 में भी टीम के नेतृत्व का जिम्मा फाफ डु प्लेसिस को ही सौंपा है। फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिटेन किया है। वह एक बार फिर अपनी कप्तानी में टीम को खिताब दिलाने की जंग लड़ते नज़र आएंगे। इस टीम ने अब तक एक भी बार आईपीएल के टाइटल पर कब्जा नहीं जमाया है।

शुभमन गिल (गुजरात टाइटंस)

आईपीएल 2024 से पहले गुजरात टाइटंस की कप्तानी में बड़ा फेरबदल हुआ है। टीम मैनेजमेंट ने हार्दिक पांड्या की जगह इस बार शुभमन गिल को टीम के नेतृत्व का जिम्मा सौंपा है। युवा सलामी बल्लेबाज इस वक्त फॉर्म में हैं और विरोधियों के लिए काल बने हुए हैं। खबर है कि हार्दिक पांड्या मुंबई इंडियंस की तरफ से खेलते नज़र आएंगे।

संजू सैमसन (राजस्थान रॉयल्स)

आईपीएल 2022 मे राजस्थान रॉयल्स को फाइनल तक का सफर तय करा चुके संजू सैमसन को इस सीजन में भी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। टीम मैनेजमेंट ने विकेटकीपर बल्लेबाज को बतौर कप्तान रिटेन किया है। उम्मीद है कि वह इस बार टीम को खिताब दिलाने में कामयाब होंगे।

एडेन मार्करम (सनराइजर्स हैदराबाद)

सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी में भी कोई बदलाव नहीं हुआ है। आईपीएल 2024 में ऐडन मार्क्रम ही इस टीम का नेतृत्व करते नज़र आएंगे। पिछले सीजन में भी साउथ अफ्रीका के इस बल्लेबाज ने टीम की अगुवाई की थी। अब फ्रेंचाइजी ने उन्हें एक बार फिर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।

श्रेयस अय्यर (कोलकाता नाईट राइडर्स)

आईपीएल 2023 में चोट के चलते टूर्नामेंट से बाहर हुए श्रेयस अय्यर एक बार फिर मैदान पर वापसी के लिए तैयार हैं। उन्हें फ्रेंचाइजी ने बतौर कप्तान रिटेन किया है। पिछले सीजन में धाकड़ बल्लेबाज की जगह नितीश राणा ने टीम का नेतृत्व किया था। अब टीम में गौतम गंभीर की भी वापसी हो गई है।

शिखर धवन (पंजाब किंग्स)

आईपीएल 2024 में पंजाब किंग्स की कप्तानी में कोई बदलाव नहीं हुआ है। धाकड़ सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ही इस टीम का नेतृत्व करते नज़र आएंगे। पिछले सीजन में भी उन्होंने ही टीम की अगुवाई की थी। फैंस को उम्मीद है कि धवन इस टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन के साथ टीम इंडिया में वापसी के लिए दावेदारी पेश करेंगे।

केएल राहुल (लखनऊ सुपर जायंट्स)

लखनऊ सुपर जॉयंट्स के नेतृत्व की जिम्मेदारी केएल राहुल को ही सौंपी गई है। पिछले सीजन में भी उन्होंने ही टीम की अगुवाई की थी। इस बार फ्रेंचाइजी ने उन्हें बतौर कप्तान रिटेन किया है।

ऋषभ पंत (दिल्ली कैपिटल्स)

आईपीएल 2023 के पिछले सीजन में दिल्ली कैपिटल्स की अगुवाई डेविड वॉर्नर ने की थी। ऋषभ पंत की जगह उन्हें टीम मैनेजमेंट ने ये जिम्मेदारी सौंपी थी। लेकिन इस बार पंत खेलते नज़र आएंगे। ऐसे में टीम मैनेजमेंट ने विकेटकीपर बल्लेबाज को ही टीम के नेतृत्व का जिम्मा सौंपा है।

ALSO READ: IPL 2024 Retention Full List: रिटेन और रिलीज खिलाड़ियों की लिस्ट आइए सामने, एक नजर में देखें सभी 10 टीमों के खिलाड़ी

Published on November 27, 2023 10:28 pm