groundsmen 1

एशिया कप 2023 (Asia Cup 2023) का 16वां संस्करण भारत की जीत के साथ समाप्त हो गया। टीम इंडिया ने श्रीलंका को 10 विकेट से मात देकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इसी के साथ भारत ने 7वीं बार एशिया कप का खिताब अपने नाम करने में कामयाबी हासिल की। टीम इंडिया ने आखिरी बार ये टाइटल साल 2018 में जीता था।

एशिया कप 2023 (Asia Cup 2023) का ये सत्र बारिश से प्रभावित रहा। पाकिस्तान और श्रीलंका की मेजबानी में खेले गए इस टूर्नामेंट में ज्यादातर मुकाबले बारिश में धुल गए। इस दौरान ग्राउंड्समैन को संघर्ष करते देखा गया। यही वजह है कि उनके काम से खुश होकर एशियन क्रिकेट काउंसिल और श्रीलंका क्रिकेट ने उन्हें प्राइज मनी देने का फैसला किया है।

जय शाह ने किया बड़ा ऐलान

एशिया कप 2023 (Asia Cup 2023) के तहत कैंडी और कोलंबो में खेले गए मुकाबलों में बारिश विलन साबित हुई। इस दौरान मैदानकर्मियों को पिच पर कवर ढकने के लिए संघर्ष करते देखा गया। यही वजह है कि अब उनके काम से खुश होकर एशियन क्रिकेट काउंसिल और श्रीलंका क्रिकेट ने ग्राउंड्समैन को इनाम देने का फैसला किया है। इस बात की जानकारी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष जय शाह ने दी।

उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि,

“क्रिकेट के गुमनाम नायकों को बड़ा सलाम! एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) और श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) को कोलंबो और कैंडी में समर्पित क्यूरेटर और ग्राउंड्समैन के लिए 50,000 अमेरिकी डॉलर की सुयोग्य पुरस्कार राशि की घोषणा करते हुए गर्व हो रहा है। उनकी अटूट प्रतिबद्धता और कड़ी मेहनत ने एशिया कप 2023 को एक अविस्मरणीय तमाशा बना दिया। पिच की उत्कृष्टता से लेकर हरे-भरे आउटफील्ड तक, उन्होंने सुनिश्चित किया कि रोमांचक क्रिकेट एक्शन के लिए मंच तैयार किया जाए। यह मान्यता क्रिकेट की सफलता में इन व्यक्तियों की महत्वपूर्ण भूमिका को उजागर करती है। आइए उनकी महान सेवाओं का जश्न मनाएं और उनका सम्मान करें!”

भारत को मिला 51 रनों का मामूली लक्ष्य

बात करें एशिया कप 2023 (Asia Cup 2023) के तहत खेले गए फाइनल मैच की तो श्रीलंकाई टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के सामने विरोधी बल्लेबाज ज्यादा देर तक टिक नहीं पाए। इसका नतीजा ये रहा कि श्रीलंका की टीम 50 रनों के मामूली स्कोर पर ढेर हो गई।

इस मैच में मोहम्मद सिराज ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने विरोधी टीम के खिलाफ घातक गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट हासिल किए और श्रीलंका की कमर तोड़ दी। इसके बाद शुभमन गिल और ईशान किशन ने भारत के लिए मैच जिताऊ प्रदर्शन किया। दोनों ने नाबाद पारी खेलकर टीम इंडिया को जीत दिलाई। भारत ने ये लक्ष्य 6.1 ओवर में हासिल कर लिया।

ALSO READ:Asia Cup 2023: फाइनल मैच के लिए भारतीय टीम में होंगे ये 6 बड़े बदलाव, इन 11 खिलाड़ियों के साथ श्रीलंका के खिलाफ उतरेंगे कप्तान रोहित शर्मा

Published on September 17, 2023 11:50 pm