बिहार मूल के ओडिशा कैडर के 1997 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी संजय कुमार सिंह (IAS Sanjay Kumar Singh) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नए प्रधान सचिव (Principal Secretary) बनाए जा सकते हैं। दीपक कुमार के 30 सितंबर को मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव पद से हटने (और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनने) के बाद से रिक्त चल रहे इस महत्वपूर्ण पद के लिए राज्य सरकार ने केंद्र से संजय कुमार सिंह को अंतर-राज्यीय प्रतिनियुक्ति (Inter-State Deputation) पर बिहार भेजने का औपचारिक अनुरोध किया था।
केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण मंत्रालय (DoPT) ने इस संबंध में ओडिशा सरकार को पत्र लिखकर अनापत्ति और अधिकारी की मौजूदा सतर्कता (विजिलेंस) रिपोर्ट और अचल संपत्ति (IPR) का ब्यौरा मांगा है। ओडिशा सरकार से औपचारिकताएं पूरी होते ही उन्हें बिहार के लिए विरमित (Relieve) कर दिया जाएगा। संभावना जताई जा रही है कि वे एक सप्ताह के भीतर बिहार आकर पदभार ग्रहण कर सकते हैं।
नीतीश कुमार के बेहद करीबी रहे, 7 वर्षों तक बिहार में दे चुके हैं सेवा
आईएएस संजय कुमार सिंह मूल रूप से बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले हैं और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शासनकाल में 7 वर्षों (फरवरी 2008 से फरवरी 2015) तक प्रतिनियुक्ति पर बिहार में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके हैं:
पटना और गया के डीएम: वे गयाजी के जिलाधिकारी रहे और 11 फरवरी 2011 से 2013 तक पटना के डीएम के रूप में अपनी मजबूत प्रशासनिक छाप छोड़ी।
मुख्यमंत्री सचिवालय में विशेष सचिव: नीतीश कुमार के कार्यकाल में उन्होंने सीएम सचिवालय में विशेष सचिव/सचिव के रूप में अहम जिम्मेदारियां निभाईं।
प्रमुख विभागों का अनुभव: इसके अलावा वे गृह विभाग में अपर सचिव, ग्रामीण विकास विभाग और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (IPRD) के प्रधान सचिव का प्रभार भी संभाल चुके हैं।
ओडिशा सरकार में निभाईं कई शीर्ष जिम्मेदारियां
वर्तमान में संजय कुमार सिंह ओडिशा सरकार में वर्क्स (पथ/भवन निर्माण) विभाग के प्रधान सचिव के रूप में कार्यरत हैं। इससे पहले वे:
कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा विभाग में आयुक्त-सह-सचिव
ग्रामीण विकास विभाग में प्रधान सचिव
भुवनेश्वर नगर निगम (BMC) के कमिश्नर और भुवनेश्वर विकास प्राधिकरण (BDA) के उपाध्यक्ष
ओडिशा आधारभूत संरचना विकास निगम (IDCO) के सह-प्रबंध निदेशक रह चुके हैं।
प्रशासनिक और सामाजिक समीकरणों में सटीक
मजबूत शैक्षणिक पृष्ठभूमि: संजय कुमार सिंह ने दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज से स्नातक और प्रतिष्ठित दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (DSE) से अर्थशास्त्र में स्नातकोत्तर (PG) किया है। सिविल सेवा में आने से पहले वे शिक्षण और बैंकिंग क्षेत्र में भी कार्य कर चुके हैं।
प्रशासनिक व राजनीतिक तालमेल: प्रशासनिक हलकों में उनकी छवि तेज-तर्रार, नियमों के पक्के और शासन-प्रशासन पर मजबूत पकड़ रखने वाले अधिकारी की है। साथ ही, बिहार के वर्तमान सामाजिक व प्रशासनिक संतुलन के दृष्टिकोण से भी उनका अनुभव सम्राट चौधरी सरकार की योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
