Posted inन्यूज, उत्तर प्रदेश, राजनीति

‘न सरकार की कृपा, न मेरी अनुकंपा, यह आपके पसीने का परिश्रम है’: नियुक्ति-पत्र वितरण समारोह में बोले सीएम योगी

News on WhatsAppJoin Now

लखनऊ में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पुलिस में चयनित 470 कुशल खिलाड़ियों को नियुक्ति-पत्र वितरित किए। इस अवसर पर अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जो नियुक्ति-पत्र आपको मिला है, यह न तो सरकार की कोई कृपा है और न ही मेरी अनुकंपा; बल्कि यह सीधे तौर पर खेल के मैदान में बहाए गए आपके पसीने और अथक परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान प्रशासन में चयन का एकमात्र आधार योग्यता और प्रतिभा है।

बिना रिश्वत और बिना सिफारिश का पारदर्शी तंत्र

सीएम योगी ने कार्यक्रम में मौजूद नवनियुक्त पुलिसकर्मियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने पूछा कि क्या चयन प्रक्रिया के दौरान किसी ने उनसे पैसे की मांग की या उन्हें किसी प्रकार की सिफारिश लगानी पड़ी? अभ्यर्थियों के नकारात्मक जवाब पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में भर्ती व्यवस्था से भ्रष्टाचार पूरी तरह समाप्त हो चुका है। पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पहले की व्यवस्थाओं में केवल ‘दो S’ चलते थे—या तो सैफई या फिर सिफारिश। पहले प्रदेश की पहचान अपराध से जुड़ती थी, लेकिन आज राज्य के युवा मेडल लाकर पहचान बना रहे हैं।

युवाओं को सीख: ‘लाइक्स’ नहीं, जीवन में असली ‘लाइफ’ चुनें

सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने युवाओं को महत्वपूर्ण सलाह दी। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी रील्स देखने और बनाने में घंटों का कीमती समय व्यर्थ कर देती है। युवाओं को मैदान की अहमियत समझाते हुए उन्होंने कहा कि रील्स पर आपको केवल आभासी लाइक्स मिल सकते हैं, लेकिन खेल का मैदान आपको असली लाइफ देता है। मैदान पर की गई मेहनत से व्यक्ति को एक नई पहचान और नया जीवन मिलता है, जिसका प्रत्यक्ष प्रमाण आज मिला यह नियुक्ति-पत्र है। अब युवाओं को तय करना है कि उन्हें सोशल मीडिया का क्षणिक आकर्षण चाहिए या जीवन की वास्तविक ऊंचाई।

खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और नई पहचान

सीएम योगी ने कहा कि एक समय देश की चर्चा केवल घोटालों को लेकर होती थी, लेकिन आज सरकार खेल और खिलाड़ियों को हर स्तर पर प्रोत्साहित कर रही है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सीधे राजपत्रित और अराजपत्रित पदों पर नियुक्तियां देकर सुरक्षित भविष्य प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि पुलिस बल में शामिल हुए ये खिलाड़ी न केवल खाकी का गौरव बढ़ाएंगे, बल्कि देश-दुनिया में प्रदेश का नाम भी रोशन करेंगे।