अगर आप कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) की पेंशन लेते हैं, तो आपके लिए जरूरी खबर है। अब पेंशनर्स को अपना जीवन प्रमाण पत्र (Jeevan Pramaan Patra) जमा करने के लिए बैंक या कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। घर बैठे डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनवाने के लिए डोरस्टेप सुविधा उपलब्ध है। इसके लिए इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) की हेल्पलाइन पर कॉल करके घर पर कर्मचारी बुलाने का अनुरोध किया जा सकता है। यह सुविधा खासतौर पर बुजुर्ग और घर से बाहर जाने में असमर्थ पेंशनर्स के लिए मददगार है।
EPFO पेंशनर्स के लिए क्या है जीवन प्रमाण पत्र?
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के कर्मचारी पेंशन योजना (EPS-95) के तहत पेंशन पाने वाले लोगों को अपनी पेंशन जारी रखने के लिए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा करना होता है। यह प्रमाण पत्र इस बात का प्रमाण है कि पेंशन पाने वाला व्यक्ति जीवित है।
जीवन प्रमाण पत्र जमा नहीं होने या उसकी वैधता समाप्त होने पर पेंशन भुगतान में परेशानी आ सकती है। इसलिए पेंशनर्स को समय पर अपना प्रमाण पत्र जमा करना चाहिए। डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन या बायोमेट्रिक सत्यापन से बनाया जा सकता है।
घर बैठे जीवन प्रमाण पत्र बनवाने के लिए इस नंबर पर करें कॉल
अगर आप घर से बाहर नहीं जा सकते, तो इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) की डोरस्टेप सेवा का लाभ ले सकते हैं। इसके लिए 033-22029000 नंबर पर कॉल करके जीवन प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अनुरोध दर्ज कराएं।
अनुरोध मिलने के बाद डाक विभाग का कर्मचारी आपके घर आकर जरूरी सत्यापन के बाद डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाने में मदद करेगा। यह सुविधा IPPB और दूसरे बैंकों के ग्राहकों के लिए भी उपलब्ध है। हालांकि, प्रमाण पत्र बनाने के लिए निर्धारित शुल्क लागू हो सकता है।
डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाते समय इन बातों का रखें ध्यान
EPFO घर बैठे जीवन प्रमाण पत्र बनवाने से पहले अपना आधार नंबर, पेंशन पेमेंट ऑर्डर (PPO) नंबर, बैंक खाते की जानकारी और मोबाइल नंबर तैयार रखें। सत्यापन पूरा होने पर प्रमाण पत्र की पहचान संख्या यानी प्रमाण आईडी मिल सकती है, जिसकी मदद से आप इसकी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
EPFO पेंशनर्स चाहें तो आधिकारिक जीवन प्रमाण पोर्टल या उपलब्ध मोबाइल ऐप के जरिए भी डिजिटल प्रमाण पत्र बनवा सकते हैं। ध्यान रखें कि किसी अनजान व्यक्ति को अपना ओटीपी, बैंकिंग पासवर्ड या गोपनीय जानकारी न बताएं। प्रमाण पत्र जमा होने के बाद उसकी स्थिति भी जांच लें, ताकि पेंशन भुगतान में अनावश्यक परेशानी न हो।
ALSO READ : Jio IPO Allotment: जियो के शेयर मिले या खाली हाथ रह गए निवेशक? एक क्लिक में चेक करें अलॉटमेंट स्टेटस
