UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने यूपी को लेकर अपनी पार्टी की रणनीति साफ कर दी है।
चिराग ने कहा है कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव की तैयारी कर रही है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि LJP सभी सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी।
403 सीटों पर संगठन मजबूत करने की तैयारी
चिराग पासवान ने कहा कि किसी भी गठबंधन का हिस्सा होने के बावजूद पार्टी को हर सीट पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार रहना चाहिए। उनके मुताबिक इससे संगठन मजबूत होता है और गठबंधन के सहयोगी दलों को भी इसका लाभ मिल सकता है।
LJP (रामविलास) ने उत्तर प्रदेश में संगठन को विस्तार देने की गतिविधियां बढ़ा दी हैं। पार्टी की ओर से लखनऊ में रामविलास पासवान की पुण्यतिथि का कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसे यूपी में संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
NDA के साथ सीट बंटवारे पर अभी तस्वीर साफ नहीं
सबसे बड़ा सवाल यह है कि चिराग पासवान NDA के साथ रहकर कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। चिराग ने कहा है कि सीट शेयरिंग को लेकर अभी औपचारिक बातचीत शुरू नहीं हुई है। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले समय में गठबंधन के भीतर इस पर चर्चा होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी ने अपनी प्राथमिक सीटों की पहचान कर ली है और उसे इस बात का अंदाजा है कि गठबंधन के तहत न्यूनतम कितनी सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। हालांकि, उन्होंने फिलहाल संख्या सार्वजनिक करने से इनकार किया है।
चिराग पासवान के पास अकेले चुनाव लड़ने का विकल्प
चिराग पासवान ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता सहयोगी दलों के साथ चुनाव लड़ने की है, लेकिन अगर गठबंधन में सहमति नहीं बनती है तो उनकी पार्टी अकेले चुनाव मैदान में उतरने के लिए भी तैयार रहेगी।
ऐसे में 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव में LJP की भूमिका आने वाले महीनों में और स्पष्ट हो सकती है। फिलहाल पार्टी संगठन विस्तार और संभावित सीटों की तैयारी पर फोकस कर रही है।
ALSO READ: अखिलेश यादव ने एक पोस्ट से खत्म कर दी राज्यसभा की लड़ाई! अब बिना वोटिंग ही सब ‘फिक्स’
