एशिया कप 2023 (Asia Cup 2023) का 16वां संस्करण भारत की जीत के साथ समाप्त हो गया। टीम इंडिया ने 17 सितंबर को खेले गए फाइनल मैच में श्रीलंका को हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इसी के साथ भारत ने 8वीं बार एशिया कप के खिताब पर कब्जा जमाया।
इस बार ये टूर्नामेंट पाकिस्तान और श्रीलंका की मेजबानी में खेला गया था। एशिया कप 2023 (Asia Cup 2023) के कुछ मैच पाकिस्तान में तो कुछ श्रीलंका में खेले गए थे। श्रीलंका की टीम पाकिस्तान को सुपर 4 राउंड में हराकर फाइनल में पहुंची थी। लेकिन 17 सितंबर को खेले गए मुकाबले में श्रीलंकाई टीम की अलग ही स्थिति देखने को मिली।
50 रनों पर सिमटी श्रीलंका की टीम
भारत और श्रीलंका के बीच खेले गए फाइनल मैच में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन किया। पहले गेंदबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने मोहम्मद सिराज की घातक गेंदबाजी के दमपर मेजबानों को 50 रनों के छोटे से स्कोर पर समेट दिया। तेज गेंदबाज ने इस मुकाबले में कुल 6 विकेट हासिल किए।
इसी के साथ वह वनडे फॉर्मेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए। वहीं, एक विकेट जसप्रीत बुमराह ने चटकाया। इसके अलावा हार्दिक पांड्या ने भी 3 विकेट अपने नाम किए। इस तरह पूरी टीम 50 रनों पर ऑलआउट हो गई। 15 ओवरों में श्रीलंका की पारी समाप्त हो गई।
इसके जवाब में भारतीय टीम ने 6.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और एशिया कप 2023 (Asia Cup 2023) का खिताब अपने नाम कर लिया। श्रीलंका की टीम को भारत के खिलाफ शर्मनाक हार मिली।
इसपर अब सवाल उठने शुरु हो गए हैं। दरअसल, स्थानीय क्रिकेट प्रशंसकों और भ्रष्टाचार विरोधी कार्यकर्ताओं ने श्रीलंका की टीम पर कदाचार और कथित मैच फिक्सिंग का आरोप लगाया। उन्होंने इस मामले में पुलिस जांच की मांग की है।
श्रीलंका पर लगे मैच फिक्सिंग के आरोप
मालूम हो कि नागरिक अधिकार संगठन सिटीजन पावर अगेंस्ट ब्राइबरी, करप्शन एंड वेस्टेज ने कोलंबो के पुलिस मुख्यालय में एक शिकायत दर्ज करवाई है जिसमें श्रीलंकाई क्रिकेटरों के प्रदर्शन और विशेष रूप से इतने कम रनों पर आउट होने पर संदेह जताया गया है।
संगठन के अध्यक्ष सी. कामंथा तुषारा ने शिकायत दर्ज करवाई है जिसमें कहा है कि उन्हें मैच फिक्सिंग का शक जताया है।
उन्होंने कहा कि,
“15 ओवर में 50 रन बने। यह 50 ओवर के खेल में एक रन प्रति ओवर है। उस खेल में क्रिकेटरों के खेलने के तरीके पर संदेह है। जब प्रशंसक मैदान में प्रवेश करने के लिए कतार में थे, मैच खत्म हो गया था। हमें रविवार के खेल पर संदेह है और हम तत्काल जांच चाहते हैं। श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) के अधिकारियों और खिलाड़ियों की टेलीफोन वार्तालाप रिकॉर्डिंग सहित व्यापक जांच की जानी चाहिए। क्रिकेट एक ऐसा जुआ बन गया है जिस पर पैसे का राज है। एसएलसी भ्रष्ट है और खेल मंत्री पर इसकी जांच करने की जिम्मेदारी है।”