Yuvraj Singh: वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2026 में इंडिया चैंपियंस के कप्तान युवराज सिंह ने एक बार फिर अपने पुराने अंदाज की झलक दिखाई। ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस के खिलाफ खेले गए मुकाबले में युवराज ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों पर 71 रनों की तूफानी पारी खेली।
उनकी इस पारी में 5 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। युवराज की विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत इंडिया चैंपियंस ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 196 रन बनाए।
44 गेंदों में 71 रन, Yuvraj Singh ने की छक्कों की बरसात
युवराज सिंह (Yuvraj Singh) ने क्रीज पर उतरने के बाद धीरे-धीरे अपनी पारी को आगे बढ़ाया और फिर ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों पर हमला बोल दिया। उनके बल्ले से निकले छक्कों ने मुकाबले में रोमांच बढ़ा दिया। 44 गेंदों में 71 रन बनाने के दौरान उनका स्ट्राइक रेट 161.36 रहा।
युवराज की पारी का अंत फवाद अहमद ने किया। उन्होंने युवराज को कैच आउट कराया। इसके बावजूद युवराज की पारी ने इंडिया चैंपियंस को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
यूसुफ पठान ने भी मचाया धमाल
युवराज सिंह (Yuvraj Singh) के अलावा यूसुफ पठान ने भी आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने 20 गेंदों में 37 रन बनाए, जिसमें एक चौका और चार छक्के शामिल रहे।
पारी के अंतिम हिस्से में ऋषि धवन ने भी तेजी से रन बटोरे। धवन ने महज 12 गेंदों में नाबाद 35 रन बनाए, जिसमें एक चौका और चार छक्के शामिल थे।
46 रन से जीती इंडिया चैंपियंस
196 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस की टीम 16.2 ओवर में 150 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस तरह इंडिया चैंपियंस ने मुकाबला 46 रनों से अपने नाम किया।
गेंदबाजी में धवल कुलकर्णी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट हासिल किए। इंडिया चैंपियंस की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों के दम पर टीम ने टूर्नामेंट की शुरुआत जीत के साथ की।
पुराने युवी की यादें हुईं ताजा
युवराज सिंह की 71 रनों की पारी ने एक बार फिर उनके फैंस को उनके अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के दौर की याद दिला दी। WCL 2026 का तीसरा सीजन 3 से 18 अक्टूबर तक UAE में आयोजित हो रहा है। टूर्नामेंट के आधिकारिक कार्यक्रम के मुताबिक इंडिया चैंपियंस और ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस के बीच पहला मुकाबला शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया।
