उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने राज्य कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ते (DA) में 2 फीसदी की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। इस फैसले के बाद कर्मचारियों को मिलने वाला महंगाई भत्ता 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो गया है। सरकार के इस कदम से लाखों कर्मचारियों की सैलरी में सीधा इजाफा देखने को मिलेगा। साथ ही पेंशन पाने वाले लोगों को भी बढ़ी हुई राशि का लाभ मिलेगा। सरकार का यह फैसला बढ़ती महंगाई के बीच कर्मचारियों के लिए किसी बड़ी सौगात से कम नहीं माना जा रहा है।
जनवरी 2026 से मिलेगा बढ़े हुए DA का फायदा
राज्य सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता 1 जनवरी 2026 से लागू माना जाएगा। इसका फायदा प्राविधिक शिक्षण संस्थानों और शहरी स्थानीय निकायों के नियमित एवं पूर्णकालिक कर्मचारियों को मिलेगा। बताया जा रहा है कि इस फैसले से करीब 16 लाख कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को राहत पहुंचेगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि मई 2026 के वेतन के साथ बढ़े हुए DA का नकद भुगतान किया जाएगा।
बकाया राशि का ऐसे होगा भुगतान
जनवरी 2026 से अप्रैल 2026 तक का एरियर कर्मचारियों के भविष्य निधि खाते, पीपीएफ या एनएससी में जमा किया जाएगा। वहीं नेशनल पेंशन सिस्टम यानी NPS से जुड़े कर्मचारियों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। सरकार ने कहा है कि बकाया राशि का एक हिस्सा कर्मचारियों के टियर-1 पेंशन खाते में जमा होगा, जबकि बाकी रकम अन्य बचत योजनाओं में ट्रांसफर की जाएगी। रिटायर हो चुके कर्मचारियों और अगले छह महीने में रिटायर होने वालों को पूरी बकाया राशि नकद देने का फैसला लिया गया है।
कर्मचारियों की सैलरी में कितना होगा इजाफा?
महंगाई भत्ते में 2 फीसदी की बढ़ोतरी का असर सीधे कर्मचारियों की मासिक आय पर पड़ेगा। उदाहरण के तौर पर, यदि किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी 30 हजार रुपये है, तो पहले उसे 58 प्रतिशत के हिसाब से 17,400 रुपये DA मिल रहा था। अब 60 प्रतिशत DA लागू होने के बाद यह राशि बढ़कर 18 हजार रुपये हो जाएगी। यानी हर महीने 600 रुपये और सालाना 7,200 रुपये का अतिरिक्त फायदा मिलेगा। इसी तरह 20 हजार रुपये बेसिक वेतन पाने वाले कर्मचारियों के DA में भी हर महीने 400 रुपये तक की बढ़ोतरी होगी।
