Nitish Kumar Reddy: भारत और अफगानिस्तान (IND vs AFG) के बीच कल पहला वनडे मैच धर्मशाला में खेला गया, जिसे टीम इंडिया ने 7 विकेट से अपने नाम किया, पहले वनडे मैच में भारतीय टीम (Team India) ने हार्दिक पंड्या (Hardik Pandya) की जगह नीतीश कुमार रेड्डी (Nitish Kumar Reddy) को प्लेइंग 11 में शामिल किया था. नीतीश कुमार रेड्डी ने बेहद शानदार प्रदर्शन किया, इस मैच में नीतीश कुमार रेड्डी ने घातक यॉर्कर का नजारा पेश किया.
नीतीश कुमार रेड्डी (Nitish Kumar Reddy) को इससे पहले ऐसी घातक गेंदबाजी करते पहले नही देखा गया था, लेकिन अब माना जा रहा है कि उन्होंने हाल ही में गेंदबाजी के गुर एक अंग्रेज गेंदबाज से सीखे हैं. ऐसे में जब नीतीश से उनकी घातक होती गेंदबाजी को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी गेंदबाजी में काफी बदलाव किए हैं और सुधार की प्रक्रिया अभी भी जारी है.
Nitish Kumar Reddy ने किस अंग्रेज से सीखी गेंदबाजी?
भारतीय टीम के स्टार आलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी (Nitish Kumar Reddy) को टेस्ट क्रिकेट में लगातार मौका दिया जा रहा है, लेकिन आईपीएल 2026 से पहले इस खिलाड़ी ने इंग्लैंड के स्टीफन जोंस से गेंदबाजी के गुर सीखे थे. स्टीफन जोंस ने आईपीएल से पहले उनके लिए बेंगलुरु में एक महीने का ट्रेनिंग कैंप आयोजित किया था, जिसे बाद में सात दिनों में समेट दिया गया. नीतीश को जोंस के ट्रेनिंग कैंप के बारे में इंस्टाग्राम के जरिए पता चला था.
इस ट्रेनिंग के बाद उनकी गेंदबाजी की रफ्तार 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा तक बढ़ गई. अब नीतीश 135 से 140 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से गेंदबाजी करते नजर आते हैं. इसी के साथ वो शानदार यॉर्कर भी डाल रहे हैं और उन्होंने 2 यॉर्कर गेंदो पर ही 2 विकेट झटके थे. इसी वजह से भारतीय टीम मैनेजमेंट अब नीतीश कुमार रेड्डी को आईसीसी विश्व कप 2027 से पहले पूरी तरह से तैयार कर रही है और हार्दिक पंड्या के रिप्लेसमेंट के तौर पर देख रही है.
अफगानिस्तान को शिकस्त देने के बाद नीतीश कुमार रेड्डी ने कही ये बात
भारतीय टीम के लिए नीतीश कुमार रेड्डी (Nitish Kumar Reddy) ने टेस्ट, वनडे और टी20 खेले हैं. नीतीश कुमार रेड्डी 10 टेस्ट मैचों में बल्ले से 398 रन बना चुके हैं, वहीं 8 विकेट झटके हैं. इसके साथ ही नीतीश कुमार रेड्डी ने भारत के लिए 5 वनडे मैचों में 100 रन बनाने के साथ ही 2 विकेट झटके हैं, वहीं 4 टी20 मैचों में उन्होंने भारत के लिए 90 रन बनाने के साथ 3 विकेट भी हासिल किए हैं.
नीतीश कुमार रेड्डी (Nitish Kumar Reddy) ने 2 यॉर्कर गेंदों पर पहले शतक लगा चुके गुरबाज को बोल्ड किया, वहीं एक और यॉर्कर गेंद पर नीतीश कुमार रेड्डी ने मोहम्मद नबी को अपना शिकार बनाया. मैच के बाद नीतीश कुमार रेड्डी ने इसके बारे में बात करते हुए कहा कि
“मुझे टी20 और आईपीएल में तो उम्मीद थी, लेकिन वनडे क्रिकेट में इस तरह यॉर्कर पर विकेट मिलने की उम्मीद नहीं थी. आईपीएल में इम्पैक्ट प्लेयर नियम के कारण मैं अपने पूरे कोटे के ओवर नहीं फेंक पा रहा था. कुछ मैचों में एक ओवर, कुछ में दो ओवर और कभी-कभी चार ओवर गेंदबाजी करनी पड़ती थी. इसलिए मैं हमेशा खुद को हर परिस्थिति के लिए तैयार रखता था. मैं चाहता था कि जब कप्तान मुझे गेंद थमाए, तो मेरे पास स्पष्ट योजना हो. नियमित गेंदबाजी भले न मिले, लेकिन अभ्यास में खुद को पूरी तरह तैयार रखना जरूरी है. मैं अपने रन-अप में और तेजी लाना चाहता था और मेरे एक्शन में भी बदलाव आया है. अब काफी कुछ बेहतर हो रहा है, लेकिन अभी भी सुधार की गुंजाइश है. आने वाले दिनों में मैं और बेहतर प्रदर्शन करना चाहूंगा.”
