झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के युवा नेता राहुल वर्मा ने रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से औपचारिक मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सरायकेला-खरसावां जिले के अंतर्गत आने वाले ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों और स्थानीय समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष विस्तार से रखा।
ईचागढ़ क्षेत्र के विकास पर चर्चा
मुलाकात के दौरान राहुल वर्मा ने ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण व शहरी इलाकों में सड़क, बिजली, पेयजल और बुनियादी नागरिक सुविधाओं से संबंधित समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने क्षेत्र के विकास कार्यों में तेजी लाने और जनसमस्याओं के समयबद्ध निराकरण की मांग की।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनकी बातों को ध्यानपूर्वक सुना और आश्वस्त किया कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
