Posted inउत्तर प्रदेश, क्रिकेट, न्यूज

टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की ऐतिहासिक जीत, सीएम योगी ने दी टीम इंडिया को बधाई

टी-20 वर्ल्ड कप
टी-20 वर्ल्ड कप
News on WhatsAppJoin Now

आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC T20 World Cup 2026) में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश में उत्साह और जश्न का माहौल देखने को मिला। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ ही भारत ने तीसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रच दिया।

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 255 रन का विशाल स्कोर बनाया। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 159 रन पर सिमट गई। शानदार गेंदबाजी के लिए जसप्रीत बुमराह को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया, जबकि पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए संजू सैमसन को ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का सम्मान मिला।

इस जीत के साथ भारत टी-20 विश्व कप को लगातार दूसरी बार जीतने वाली पहली टीम भी बन गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दी बधाई

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत पर खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि टीम इंडिया ने पूरे देश का सिर गर्व से ऊँचा कर दिया है।

सीएम योगी ने लिखा कि “आज फिर आसमान तिरंगा हो गया” और इस शानदार उपलब्धि के लिए भारतीय क्रिकेट टीम के सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह जीत देश के 140 करोड़ लोगों के लिए गर्व का क्षण है और खिलाड़ियों के अद्भुत प्रदर्शन ने पूरे देश को खुशी से भर दिया है।

लखनऊ समेत यूपी में जश्न का माहौल

टीम इंडिया की जीत के बाद उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित कई शहरों में लोगों ने सड़कों पर उतरकर जश्न मनाया। हजरतगंज और चौक जैसे इलाकों में देर रात तक “इंडिया-इंडिया” के नारे गूंजते रहे। लोगों ने मिठाइयाँ बांटी, पटाखे जलाए और हाथों में तिरंगा लेकर खुशी का इजहार किया।

क्रिकेट प्रेमियों का कहना था कि यह जीत सिर्फ खेल की जीत नहीं, बल्कि पूरे देश के गर्व और एकता का प्रतीक है।

देशभर से मिली बधाइयाँ

टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई राजनीतिक नेताओं, खेल हस्तियों और सेलिब्रिटीज ने भी खिलाड़ियों को बधाई दी। सभी ने टीम की मेहनत, जज्बे और शानदार प्रदर्शन की सराहना की। भारत की यह जीत भारतीय क्रिकेट के इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हो गई है और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।

Read More : अभिषेक शर्मा और वरुण चक्रवर्ती की छुट्टी? न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मैच के लिए भारत की प्लेइंग 11 आई सामने!