बिहार के पहले मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के उपलक्ष्य में पटना के बापू सभागार में आयोजित कांग्रेस के कार्यक्रम में उस वक्त बड़ा सियासी बवाल खड़ा हो गया, जब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भाषण के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके परिवार को लेकर विवादित टिप्पणी कर दी।
इस घटना के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सम्राट चौधरी समेत भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेताओं ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।
बापू सभागार में क्या हुआ था?
समारोह में मल्लिकार्जुन खरगे केंद्र सरकार और उसकी नीतियों पर निशाना साध रहे थे। इसी बीच सभागार में मौजूद एक कार्यकर्ता ने खड़े होकर कहा कि “मोदी जी जाने वाले नहीं हैं, जब तक देश में विद्रोह नहीं होगा।”
इस हस्तक्षेप से नाराज होकर खरगे ने मंच से विवादित शब्द कहे कि “मोदी क्या, उसका बाप भी जाएगा।” उन्होंने इस बात को दोहराया। इसके तुरंत बाद कार्यक्रम में हंगामा शुरू हो गया और वहां मौजूद कुछ कार्यकर्ताओं ने बीच में टोकने वाले शख्स (जिसकी पहचान संतोष के रूप में हुई) की पिटाई कर दी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह उसे भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पलटवार
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस बयान पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता को लेकर अमर्यादित टिप्पणी कर सार्वजनिक जीवन की सारी मर्यादाएं तार-तार कर दी हैं।
अमित शाह ने कहा कि यह कोई पहला मौका नहीं है जब कांग्रेस ने प्रधानमंत्री या उनके परिवार पर अशोभनीय हमले किए हों। उन्होंने याद दिलाया कि इससे पहले कभी उनकी मां को लेकर अपशब्द कहे गए, कभी ‘मौत का सौदागर’ कहा गया, तो कभी ‘चायवाला’ कहकर गरीबी का मजाक उड़ाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी हर दिन अभद्रता की सीमाएं लांघ रही है।
सम्राट चौधरी ने मांगी बिना शर्त माफी
सम्राट चौधरी ने खरगे की टिप्पणी को एक प्रकार का ‘अपराध’ करार दिया। उन्होंने कहा कि देश के सर्वोच्च पद पर बैठे नेता के दिवंगत पिता को राजनीति में घसीटना कांग्रेस की दुर्भावनापूर्ण मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने मांग की कि इस अशोभनीय व्यवहार के लिए कांग्रेस पार्टी, अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी को देश की जनता और प्रधानमंत्री से तुरंत माफी मांगनी चाहिए।
पटना में शिकायत दर्ज, देशव्यापी प्रदर्शन का आह्वान
इस टिप्पणी को लेकर पटना में भाजपा नेताओं द्वारा खरगे के खिलाफ पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है, जबकि पार्टी ने सार्वजनिक मर्यादाओं के उल्लंघन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है। वहीं, कांग्रेस का कहना है कि सभा में जानबूझकर व्यवधान डालने की कोशिश की गई थी, जिसके जवाब में यह टिप्पणी आई।
