Posted inन्यूज, झारखंड

झारखंड में फिर बदलेगा मौसम: 28 से 30 अक्टूबर तक बारिश, तेजी से गिरेगा पारा

News on WhatsAppJoin Now

झारखंड के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 28 अक्टूबर से राज्य भर में मौसम करवट लेगा। इसके प्रभाव से 30 अक्टूबर तक लगातार तीन दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस मौसमी बदलाव का सबसे अधिक असर झारखंड के दक्षिणी और मध्यवर्ती जिलों में देखने को मिलेगा।

इन जिलों में दिखेगा ज्यादा असर

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, कोल्हान प्रमंडल के तीनों जिलों (पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां) के साथ-साथ सिमडेगा, खूंटी, रांची और आसपास के क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।

बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान की हलचल

रांची मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी हिस्से और अंडमान सागर के पास एक निम्न दबाव (Low Pressure Area) का क्षेत्र बना हुआ है।

यह सिस्टम तीव्र होकर गहरे दबाव में बदलेगा और पश्चिम-उत्तर दिशा में आगे बढ़ते हुए चक्रवाती तूफान (Cyclonic Storm) का रूप ले सकता है।

इसके आंध्र प्रदेश और ओडिशा तट की ओर बढ़ने की संभावना है, जिसके असर से झारखंड के दक्षिणी व समीपवर्ती जिलों में बादलों की आवाजाही और वर्षा की गतिविधियां तेज होंगी।

3 से 4 डिग्री तक लुढ़केगा तापमान

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि इस मौसमी प्रणाली के असर से राजधानी रांची समेत पूरे राज्य के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आएगी। अगले चार दिनों के भीतर अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है, जिससे सुबह और शाम के समय ठंडक का अहसास और बढ़ेगा।