भारतीय टीम (Team India) के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार (Bhuvneshwar Kumar) की करीब चार साल बाद टीम इंडिया में वापसी ने क्रिकेट फैंस का ध्यान खींचा है। 36 साल के भुवनेश्वर को न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
पिछले 4 सालों से टीम इंडिया से बाहर चल रहे भुवनेश्वर कुमार (Bhuvneshwar Kumar) की वापसी को लेकर कई सवाल उठ रहे थे, जिसका जवाब अब टीम के सहायक कोच सितांशु कोटक (Sitanshu Kotak) ने दिया है। उनके मुताबिक भुवनेश्वर की वापसी में अनुभव के साथ-साथ हालिया प्रदर्शन की भी बड़ी भूमिका रही है।
Bhuvneshwar Kumar को इस वजह से मिला मौका
सितांशु कोटक ने कहा कि भारतीय टीम के युवा गेंदबाज लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन किसी समय टीम को अनुभव की भी जरूरत होती है। उन्होंने इंग्लैंड दौरे का उदाहरण देते हुए कहा कि
“जब जसप्रीत बुमराह उपलब्ध नहीं थे और टीम में कई युवा गेंदबाज खेल रहे थे, तब उन्हें लगा कि अनुभव की कमी महसूस हो सकती है।”
कोटक के मुताबिक, भुवनेश्वर लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके हैं और मुश्किल परिस्थितियों में गेंदबाजी करने का उन्हें काफी अनुभव है। ऐसे में युवा गेंदबाजी आक्रमण के साथ उनकी मौजूदगी टीम के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।
IPL में शानदार प्रदर्शन बना वापसी की वजह
भुवनेश्वर कुमार (Bhuvneshwar Kumar) की टीम इंडिया में वापसी सिर्फ अनुभव के आधार पर नहीं हुई है। पिछले दो IPL सीजन में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की लगातार दो खिताबी जीत में भुवी ने अहम भूमिका निभाई।
IPL 2025 में उन्होंने 14 मुकाबलों में 17 विकेट हासिल किए थे, जबकि 2026 सीजन में उनका प्रदर्शन और बेहतर रहा। उन्होंने 16 मैचों में 28 विकेट चटकाए। दो सीजन में कुल 45 विकेट ने चयनकर्ताओं के सामने उनकी दावेदारी को मजबूत किया।
न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में मिल सकता है फायदा
सितांशु कोटक ने संकेत दिया कि न्यूजीलैंड की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए भी भुवनेश्वर का अनुभव महत्वपूर्ण हो सकता है। स्विंग और लाइन-लेंथ पर नियंत्रण उनकी सबसे बड़ी ताकत रही है।
भुवनेश्वर कुमार (Bhuvneshwar Kumar) ने आखिरी बार भारत के लिए नवंबर 2022 में टी20 मैच खेला था। करीब चार साल बाद उनकी वापसी यह भी दिखाती है कि लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले अनुभवी खिलाड़ियों के लिए टीम इंडिया के दरवाजे बंद नहीं हैं। अब निगाहें न्यूजीलैंड सीरीज में उनके प्रदर्शन पर होंगी।
