Posted inन्यूज, उत्तर प्रदेश, राजनीति

CM योगी का ऐलान, यूपी में 30 जनवरी 2027 तक खादी के कपड़ों पर मिलेगी 25% छूट

News on WhatsAppJoin Now

गांधी जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खादी को बढ़ावा देने के लिए बड़ा ऐलान किया। प्रदेश में खादी के वस्त्रों पर 30 जनवरी 2027 तक 25 प्रतिशत की छूट उपलब्ध रहेगी। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से खादी को अपने जीवन का हिस्सा बनाने और स्थानीय कारीगरों, हस्तशिल्पियों तथा बुनकरों के उत्पादों को प्रोत्साहित करने की अपील की।

खादी को बताया स्वदेशी का प्रतीक

सीएम योगी ने कहा कि खादी केवल कपड़ा नहीं बल्कि भारत के स्वदेशी और स्वावलंबन के विचार से जुड़ी है। उन्होंने महात्मा गांधी के ‘स्वदेशी से स्वावलंबन’ के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि यह विचार आज भी प्रासंगिक है। सरकार के मुताबिक खादी की खरीद से स्थानीय स्तर पर काम करने वाले कारीगरों और बुनकरों को बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

गांधी आश्रम पहुंचे मुख्यमंत्री

गांधी जयंती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ के हजरतगंज स्थित गांधी आश्रम पहुंचे। यहां उन्होंने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की और खादी के उत्पादों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने स्वयं भी खादी के वस्त्र खरीदे और लोगों से स्थानीय उत्पादों को अपनाने का आह्वान किया।

कारीगरों और बुनकरों को मिलेगा प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों में तैयार होने वाले उत्पादों को बाजार और प्रोत्साहन देना जरूरी है। उनके अनुसार, कारीगरों, हस्तशिल्पियों और बुनकरों के हुनर को सम्मान देने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी इससे मजबूती मिल सकती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लोकल टू ग्लोबल’ के आह्वान का भी उल्लेख किया।

स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता पर जोर

सीएम योगी ने कहा कि महात्मा गांधी का आत्मनिर्भरता और स्वावलंबन का विचार देश के विकास के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने चरखे को आत्मनिर्भरता का प्रतीक बताते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और उत्पादन को बढ़ावा देने से गांवों को आर्थिक रूप से मजबूत किया जा सकता है।

ग्राम स्वराज की परिकल्पना का जिक्र

मुख्यमंत्री ने गांधी जी की ग्राम स्वराज की परिकल्पना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि गांवों में ग्राम सचिवालयों की स्थापना के माध्यम से स्थानीय स्तर पर लोगों को विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है। उनके अनुसार, इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर भी विकसित हो सकते हैं।

महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी की 157वीं जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती पर दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शास्त्री जी के सादगीपूर्ण जीवन और संघर्षशील व्यक्तित्व को याद करते हुए उनके ‘जय जवान, जय किसान’ संदेश का भी उल्लेख कि।

30 जनवरी तक मिलेगा छूट का लाभ

उत्तर प्रदेश सरकार की घोषणा के अनुसार खादी वस्त्रों पर 25 प्रतिशत की छूट 30 जनवरी 2027 तक उपलब्ध रहेगी। मुख्यमंत्री ने लोगों से इस अवसर का लाभ उठाने के साथ खादी और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने की अपील की है।