भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) ने इंग्लैंड की काउंटी चैंपियनशिप में अपनी फिरकी का ऐसा जादू दिखाया कि बल्लेबाज पूरी तरह हैरान रह गया। यॉर्कशायर (Yorkshire) की ओर से खेलते हुए कुलदीप यादव ने एसेक्स (Essex) के खिलाफ मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करते हुए कुल 10 विकेट अपने नाम किए। इसी दौरान उनकी एक गेंद ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं, जिसे खुद कुलदीप ने अपना ‘बॉल ऑफ द डे’ बताया। गेंद पिच पर पड़ने के बाद तेजी से अंदर आई और बल्लेबाज को क्लीन बोल्ड कर दिया।
Kuldeep Yadav की जादुई गेंद ने उड़ाए होश
एसेक्स की पहली पारी में कुलदीप यादव ने अपनी स्पिन और विविधता से बल्लेबाजों को परेशान किया। उनकी एक खास गेंद टॉम वेस्टली (Tom Westley) के लिए काल बन गई। कुलदीप ने गेंद को ऑफ स्टंप के बाहर पिच कराया और गेंद पड़ने के बाद तेजी से अंदर की तरफ घूमी। बल्लेबाज कुछ समझ पाता, उससे पहले गेंद ने मिडिल स्टंप उड़ा दिया। इस शानदार गेंद को लेकर कुलदीप यादव ने खुद भी बात की। उन्होंने बताया कि शुरुआती गेंदों के बाद उन्होंने अपनी अलग-अलग वैरिएशन का इस्तेमाल करना शुरू किया। वेस्टली को फेंकी गई गेंद उन्हें अपनी सबसे बेहतरीन गेंद लगी।
काउंटी क्रिकेट में पहली बार Kuldeep Yadav का 10 विकेट का धमाका
कुलदीप यादव के लिए यह मुकाबला इसलिए भी खास रहा क्योंकि उन्होंने अपने फर्स्ट क्लास करियर में पहली बार एक मैच में 10 विकेट लेने का कारनामा किया। उन्होंने पहली पारी में 70 रन देकर 4 विकेट लिए, जबकि दूसरी पारी में 50 रन देकर 6 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। यानी कुलदीप यादव ने मैच में कुल 120 रन देकर 10 विकेट झटके। उनकी शानदार गेंदबाजी के दम पर यॉर्कशायर ने एसेक्स को पारी और 106 रन से करारी शिकस्त दी। कुलदीप ने गेंद के साथ बल्ले से भी योगदान दिया और 36 रन की उपयोगी पारी खेली।
टीम इंडिया में टेस्ट वापसी के लिए Kuldeep Yadav ने मजबूत दावेदारी
कुलदीप यादव का यह प्रदर्शन ऐसे समय आया है जब भारतीय टेस्ट टीम में स्पिन गेंदबाजों को लेकर काफी प्रतिस्पर्धा है। गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) की अगुआई वाले टीम मैनेजमेंट के सामने अब कुलदीप ने काउंटी क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करके अपनी दावेदारी मजबूत कर दी है। वाशिंगटन सुंदर (Washington Sundar) और मानव सुथार (Manav Suthar) जैसे खिलाड़ियों के बीच कुलदीप यादव की कलाई वाली स्पिन उन्हें अलग विकल्प देती है। ऐसे में काउंटी क्रिकेट में 10 विकेट का यह प्रदर्शन भारतीय टेस्ट टीम के लिए उनकी दावेदारी को और मजबूत करने वाला माना जा रहा है।
ALSO READ : शमी के बाद अब मोहम्मद सिराज ने खोला खराब फॉर्म का राज, गंभीर-अगरकर के फैसलों के बीच कही दिल की बात
