उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को गाजियाबाद में आयोजित कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा के पुत्र ऋषभ शर्मा के सगाई समारोह में शामिल हुए। दिनभर नोएडा में विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद मुख्यमंत्री सीधे गाजियाबाद पहुंचे और परिवार के इस खास अवसर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। समारोह में पहुंचते ही उन्होंने वर-वधू को शुभकामनाएं दीं और पूरे परिवार से आत्मीयता के साथ मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री का सहज और मुस्कुराता हुआ अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बना।
ऋषभ शर्मा को दिया आशीर्वाद, बच्ची पर भी लुटाया स्नेह
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मानवीय और स्नेहपूर्ण व्यवहार भी देखने को मिला। जैसे ही ऋषभ शर्मा ने मुख्यमंत्री के चरण स्पर्श किए, उन्होंने उन्हें आशीर्वाद देकर सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में मौजूद एक छोटी बच्ची के सिर पर हाथ रखकर मुख्यमंत्री ने उसे भी प्यार और आशीर्वाद दिया। राजनीतिक मंचों पर अक्सर गंभीर दिखाई देने वाले मुख्यमंत्री का यह आत्मीय रूप समारोह में मौजूद लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। उनकी सादगी और अपनापन सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया।
सुरक्षा के बीच संपन्न हुआ भव्य समारोह
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। नोएडा बॉर्डर से लेकर इंदिरापुरम स्थित आयोजन स्थल तथा हिंडन एयरफोर्स स्टेशन तक पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। कार्यक्रम स्थल पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी मोर्चा संभाला। मुख्यमंत्री लगभग 22 मिनट तक समारोह में रुके और परिवार के सदस्यों से मुलाकात करने के बाद हिंडन एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
मंत्री सुनील शर्मा ने जताया आभार
समारोह के बाद कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद उनके पुत्र ऋषभ शर्मा के सगाई समारोह में शामिल होकर परिवार को सम्मानित किया। उन्होंने इसे परिवार के लिए गौरवपूर्ण और अविस्मरणीय क्षण बताया। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री का स्नेह, आशीर्वाद और आत्मीय उपस्थिति उनके परिवार के लिए हमेशा यादगार रहेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस अवसर पर उनका आगमन पूरे परिवार के लिए विशेष खुशी लेकर आया।
