वाराणसी, 28 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, तकनीक के विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं को आम नागरिक तक पहुंचाने के प्रयासों को काशी तमिल संगमम 5.0 के माध्यम से एक नया मंच मिला है। भारत की सांस्कृतिक एकता और ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना को समर्पित इस राष्ट्रीय आयोजन में कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) की ‘डिजिटल संगम’ पहल सरकारी सेवाओं को नागरिकों तक पहुंचाने और डिजिटल सशक्तीकरण का प्रभावी माध्यम बन रही है।
काशी तमिल संगमम 5.0 का शनिवार को उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी तथा उत्तर प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क तथा पंजीयन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल की गरिमामयी उपस्थिति में शुभारंभ हुआ। भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत संचालित सीएससी ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड ने ‘सीएससी डिजिटल संगम–एक भारत, श्रेष्ठ भारत, डिजिटल भारत’ थीम पर विशेष प्रदर्शनी एवं डिजिटल सेवा स्टॉल स्थापित किया है।
स्टॉल का उद्घाटन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने किया। इस अवसर पर सीएससी उत्तर प्रदेश के राज्य प्रमुख राजेश मिश्रा ने उनका स्वागत करते हुए सीएससी के माध्यम से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, डिजिटल सेवाओं और नागरिक सशक्तीकरण की पहलों की जानकारी दी।
एक ही मंच पर मिल रहीं कई डिजिटल सेवाएं
सीएससी डिजिटल संगम स्टॉल पर आम नागरिकों और आगंतुकों को असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण, प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह-योजना (पीएम-एमकेएसएसवाई) में पंजीकरण एवं सहायता, आधार संशोधन और अपडेट, डिजी-पे तथा आधार सक्षम भुगतान प्रणाली (एईपीएस) के माध्यम से नकद निकासी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इसके साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी, आवेदन में सहायता, डिजिटल वित्तीय समावेशन और डिजिटल साक्षरता से जुड़ी सेवाएं भी दी जा रही हैं।
तकनीक के माध्यम से काशी और तमिलनाडु की सांस्कृतिक विरासत का संगम
स्टॉल पर काशी और तमिलनाडु की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए तिरुक्कुरल डिजिटल अनुभव और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित हिंदी-तमिल भाषा संवाद की विशेष व्यवस्था की गई है। इसके अलावा सीएससी एकेडमी, महिला उद्यमिता, ग्रामीण डिजिटल अर्थव्यवस्था और तकनीकी नवाचारों का प्रदर्शन भी किया जा रहा है।
इन पहलों का उद्देश्य भाषा और संस्कृति की विविधता के बीच डिजिटल तकनीक के माध्यम से संवाद, सहभागिता और आपसी जुड़ाव को बढ़ावा देना है।
