उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने गोरखपुर में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। बेमौसम बारिश और आने वाले मानसून को देखते हुए सरकार अब विकास कार्यों में तेजी लाने के मूड में है।
Yogi Adityanath का निर्माण कार्यों में तेजी और गुणवत्ता पर जोर
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन परियोजनाओं का कार्य दो-तिहाई से अधिक पूरा हो चुका है, उन्हें हर हाल में मानसून से पहले पूरा किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएम योगी ने कहा कि विकास कार्यों में गति के साथ-साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या न उत्पन्न हो। उन्होंने हर परियोजना के लिए तय समयसीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।
जलभराव रोकने के लिए विशेष तैयारी
मानसून के दौरान जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने नालों की समय पर सफाई और ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। खासतौर पर गोड़धोइया नाला परियोजना को जल्द पूरा करने पर जोर दिया गया, ताकि शहर में जलभराव की समस्या से निजात मिल सके।
उन्होंने कहा कि बारिश से पहले सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि आम जनता को किसी तरह की परेशानी न हो।
प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने गोरखपुर की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। इनमें विरासत कॉरिडोर, घंटाघर स्थित बंधु सिंह पार्क में बन रहा मल्टीलेवल पार्किंग व कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स और पांडेयहाता में प्रस्तावित नए कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स शामिल हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास की तैयारियां समय से पूरी की जाएं।
पटरी व्यापारियों के लिए भी निर्देश
सीएम योगी (Yogi Adityanath) ने यह भी कहा कि पटरी व्यापारियों (स्ट्रीट वेंडर्स) को व्यवस्थित तरीके से वेंडिंग जोन में स्थान दिया जाए। उन्होंने जोर दिया कि उन्हें सम्मानजनक माहौल और सभी आवश्यक सुविधाएं मिलनी चाहिए, जिससे उनका रोजगार सुरक्षित रह सके।
ALSO READ: सीएम Yogi Adityanath ने 250 इलेक्ट्रिक कूड़ा वाहनों को दिखाई हरी झंडी, पिछली सरकारों पर साधा निशाना
