योगी आदित्यनाथ: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री और उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने रविवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की।
इस दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय मंत्री और प्रदेश के सह-प्रभारी जगदीश ईश्वरभाई पटेल भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने मुख्यमंत्री के सरकारी आवास 5-कालिदास मार्ग पर उनसे शिष्टाचार भेंट की।
CM योगी से मिलकर विनोद तावड़े ने की 2027 चुनाव की तैयारियों पर चर्चा
विनोद तावड़े का यूपी प्रभारी बनने के बाद यह पहला लखनऊ दौरा था। वह दो दिवसीय दौरे पर 5 सितंबर को राजधानी पहुंचे थे। अपने दौरे के दौरान उन्होंने पार्टी के जिला स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक के पदाधिकारियों के साथ बैठक की और संगठन की जमीनी स्थिति का फीडबैक लिया। मुख्यमंत्री योगी से मुलाकात के दौरान प्रदेश से जुड़े विभिन्न मुद्दों के साथ संगठन और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा हुई।
बीजेपी के लिए उत्तर प्रदेश आगामी चुनावों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण राज्य है। ऐसे में पार्टी नेतृत्व बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर जोर दे रहा है। तावड़े ने भी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को हर बूथ पर सक्रियता बढ़ाने का संदेश दिया है।
हारी हुई सीटों पर विशेष फोकस
विनोद तावड़े ने पार्टी पदाधिकारियों से उन विधानसभा सीटों पर विशेष ध्यान देने को कहा, जहां पिछले चुनाव में बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा था। उन्होंने कार्यकर्ताओं को एक-एक बूथ और एक-एक कार्यकर्ता को मजबूत करने की जिम्मेदारी के साथ चुनावी तैयारी में जुटने का संदेश दिया। पार्टी सूत्रों के मुताबिक संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना इस रणनीति का प्रमुख हिस्सा है।
इसके अलावा पुराने और सक्रिय कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने तथा उनके अनुभवों का इस्तेमाल करने पर भी जोर दिया जा रहा है। पार्टी की कोशिश है कि चुनाव से काफी पहले संगठन की कमजोर कड़ियों को मजबूत कर लिया जाए।
सादगी के साथ संगठन पर जोर
विनोद तावड़े के लखनऊ दौरे की एक खास बात उनका सादगीपूर्ण अंदाज भी रहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनके स्वागत के लिए सड़कों पर भीड़ जुटाने और जगह-जगह पोस्टर-होर्डिंग लगाने से बचने की अपील की। उनका जोर दिखावे के बजाय संगठनात्मक काम और जमीनी संपर्क पर रहा।
तावड़े ने प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ भी बैठक की। इन बैठकों में बूथ प्रबंधन, आगामी कार्यक्रमों और विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विचार-विमर्श हुआ।
BJP के लिए मिशन 2027 महत्वपूर्ण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से तावड़े और जगदीश पटेल की मुलाकात को बीजेपी के मिशन 2027 के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी की कोशिश संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल बनाते हुए चुनावी तैयारियों को समय रहते मजबूत करने की है।
उत्तर प्रदेश में अगला विधानसभा चुनाव बीजेपी के लिए बड़ी राजनीतिक परीक्षा माना जा रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ प्रदेश प्रभारी की यह बैठक आने वाले महीनों में पार्टी की रणनीति और संगठनात्मक गतिविधियों की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकती है।
