Posted inन्यूज, उत्तर प्रदेश, राजनीति

लखनऊ में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना: बोले- ‘जिसने पिता और चाचा को अहमियत नहीं दी, वो रामपुर वाले चचा को क्या देगा’

OP Rajbhar on Akhilesh Yadav
सैफई सिंडिकेट का ‘मनीफेस्टो’ जारी करने वाले हैं अखिलेश: ओपी राजभर
News on WhatsAppJoin Now

*लखनऊ, 23 नवंबर।* उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि आजम खान कुछ दिनों के लिए जेल से बाहर आए हैं, लेकिन उनके बाहर आने से अखिलेश यादव को कोई खास खुशी नहीं हुई। न उन्होंने आजम खान से दुआ-सलाम की और न ही मुलाकात की। यहां तक कि नेताजी मुलायम सिंह यादव की जयंती पर भी आजम को लखनऊ आमंत्रित नहीं किया गया।

राजभर ने कहा कि अखिलेश ने जब अपने पिता और सगे चाचा को महत्व नहीं दिया तो आजम खान को क्या महत्व देंगे। उन्होंने सपा के एम-वाई समीकरण पर कहा कि जिसे अखिलेश भाईचारा कहते हैं, उसमें भाई के रूप में उनके अपने लोग स्थायी हैं, जबकि ‘चारा’ का चेहरा बदलता रहता है। कभी आजम खान थे, अब कोई और है।

*अखिलेश को लगता है आजम दग चुकी गोली हैं*

राजभर ने कहा कि अखिलेश को लगने लगा है कि आजम खान अब ‘दग चुकी गोली’ हैं। आजम खान कभी सैफई सिंडिकेट के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश का राजनीतिक अंडरवर्ल्ड संभालते थे, लेकिन अब उनकी स्थिति बदल गई है। राजभर ने आजम खान के कथित ‘बिकने को तैयार’ वाले बयान का जिक्र कर अखिलेश को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आजम खान को खरीदने के लिए बाजार में दाढ़ी और मूंछ वाले लोग पहले से ही घूम रहे हैं।