Posted inमनोरंजन, न्यूज

4000 करोड़ की ‘रामायण’ में किस स्टार को मिली कितनी फीस? रणबीर कपूर, यश से सनी देओल तक जानें पूरी लिस्ट

Ramayan Star Cast Fees
4000 करोड़ की ‘रामायण’ में किस स्टार को मिली कितनी फीस? रणबीर कपूर, यश से सनी देओल तक जानें पूरी लिस्ट
News on WhatsAppJoin Now

नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ अपनी भव्यता, स्टारकास्ट और भारी-भरकम बजट को लेकर लगातार चर्चा में है। निर्माता नमित मल्होत्रा के इस प्रोजेक्ट के दोनों भागों पर कुल करीब 4000 करोड़ रुपये खर्च होने की बात सामने आई है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे।

वहीं सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण का किरदार निभा रहे हैं। अब फिल्म के कलाकारों की कथित फीस भी सामने आई है, जिसमें रणबीर सबसे आगे बताए जा रहे हैं।

रणबीर कपूर को दोनों पार्ट के लिए 150 करोड़

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रणबीर कपूर को भगवान श्रीराम की भूमिका निभाने के लिए दोनों भागों को मिलाकर करीब 150 करोड़ रुपये फीस मिली है। यानी एक भाग के लिए उनकी फीस लगभग 75 करोड़ रुपये बताई जा रही है। रणबीर इस फिल्म के सबसे ज्यादा फीस पाने वाले कलाकार बताए जा रहे हैं।

दूसरी ओर, रावण का किरदार निभा रहे ‘केजीएफ’ स्टार यश की कथित फीस दोनों भागों के लिए करीब 100 करोड़ रुपये है। इस तरह यश को प्रत्येक भाग के लिए लगभग 50 करोड़ रुपये मिलने की बात कही गई है।

साई पल्लवी और सनी देओल की इतनी है फीस

माता सीता के किरदार में नजर आने वाली साई पल्लवी की फीस रणबीर और यश की तुलना में काफी कम बताई गई है। रिपोर्ट के अनुसार, उन्हें दोनों भागों के लिए कुल 12 करोड़ रुपये, यानी प्रति भाग करीब 6 करोड़ रुपये मिले हैं।

वहीं हनुमान का किरदार निभा रहे सनी देओल की फीस दोनों फिल्मों के लिए लगभग 40 करोड़ रुपये बताई गई है। लक्ष्मण की भूमिका निभाने वाले रवि दुबे को करीब 2 से 4 करोड़ रुपये मिलने का दावा किया गया है। हालांकि ये आंकड़े मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित हैं और निर्माताओं ने आधिकारिक तौर पर फीस की पुष्टि नहीं की है।

दो भागों में दर्शकों के सामने आएगी ‘रामायण’

‘रामायण’ भारतीय सिनेमा के सबसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स में शामिल है। फिल्म को दो भागों में बनाया गया है और पहला भाग दिवाली 2026 के आसपास दर्शकों के सामने आने की योजना है, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 के लिए निर्धारित है।

बड़े सितारों के अलावा फिल्म के वीएफएक्स, संगीत और भव्य प्रस्तुति पर भी भारी निवेश किया जा रहा है। रणबीर, यश और साई पल्लवी जैसे कलाकारों के कारण फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्सुकता पहले से ही काफी अधिक है।

अब करीब 4000 करोड़ रुपये के कुल प्रोजेक्ट और कलाकारों की कथित करोड़ों की फीस ने ‘रामायण’ को रिलीज से पहले ही भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल कर दिया है।

ALSO READ: रेखा की गोद में बैठा यह बच्चा बना था 90 के दशक का चॉकलेटी हीरो, शाहरुख-सलमान को पछाड़ बनाई थी अपनी अलग पहचान