Placeholder canvas

ODI World Cup 2023: ‘मेरी आंखें नम हो गई थीं…’ 12 साल बाद महेंद्र सिंह धोनी ने किया बड़ा खुलासा, बताया विश्व कप 2011 के फाइनल में क्यों हो गए थे भावुक!

वनडे विश्व कप 2023 (ODI World Cup 2023) की शुरुआत में अब ज्यादा वक्त नहीं बचा है। आईसीसी की तरफ से इस टूर्नामेंट का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। 5 अक्टूबर से विश्व कप का आगाज होगा जिसका फाइनल मुकाबला 19 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।

टीम इंडिया इस महासंग्राम की मेजबानी करेगी। उम्मीद है कि रोहित शर्मा एंड कंपनी घरेलू कंडीशंस का फायदा उठाकर वनडे विश्व कप का खिताब हासिल करने में कामयाब होगी।

धोनी  की अगुवाई में जीता भारत

बता दें कि टीम इंडिया ने आखिरी बार साल 2011 में विश्व कप के खिताब पर कब्जा जमाया था। तत्कालीन कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने भारत को विजेता बनाने के लिए फाइनल मुकाबले में विनिंग सिक्स जड़ा था। वो लम्हा आज भी हर भारतीय फैन की आंखों में कैद है। उस मैच में श्रीलंका ने भारत को 275 रनों का लक्ष्य दिया था जिसे टीम इंडिया ने 48.2 ओवर में हासिल कर लिया था।

इस मैच से जुड़ा एक वाक्या अब पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने फैंस के साथ साझा किया है। उन्होंने बताया है कि मैच खत्म होने से पहले उनकी आंख में आंसू आ गए थे। मैदान पर मौजूद दर्शक वंदे मातरम गा रहे थे। वह फैंस को तोहफा देना चाहते थे।

कप्तान की आंखें हो गई थी नम!

सीएसके की तरफ से शेयर किए गए इस वीडियो में धोनी को कहते सुना जा सकता है कि,

“फाइनल में सबसे बेस्ट मोमेंट मैच के खत्म होने से पहले का रहा। टीम को ज्यादा रन नहीं चाहिए थे। इस दौरान स्टेडियम में मौजूद फैंस ने वंदे मातरम गाना गाना शुरू कर दिया। मैं उस मोमेंट को महसूस कर पा रहा था। मैं फैंस को जीत का तोहफा देना चाहते था। मुझे यकीन था कि यहां से मैच हारना मुश्किल है। जब मैंने मैच खत्म किया तो मुझे एक अलग तरह की संतुष्टि मिली कि मेरा मकसद पूरा हो गया। उस मोमेंट को विश्व कप 2023 (ODI World Cup 2023) में फिर से महसूस कर पाना मुश्किल है। हालांकि, अगर सभी चीजें साल 2011 विश्व कप की तरह होती हैं और स्टेडियम में मौजूद 50-60 हजार दर्शक उसी लोकेशन पर गाते है ये दोहराया जा सकता है।”

एशिया कप खेलेगी टीम इंडिया

गौरतलब है कि वनडे विश्व कप 2023 (ODI World Cup 2023) के लिए सभी टीमों ने तैयारियां शुरु कर दी हैं। टीम इंडिया भी अपने खिलाड़ियों को आजमाने में जुटी है। इस टूर्नामेंट से पहले भारतीय टीम एशिया कप खेलती नज़र आएगी।

कयास लगाए जा रहे हैं कि जिस स्क्वॉड के साथ टीम इंडिया इस टूर्नामेंट में खेलेगी उसी के साथ विश्व कप में भी उतरेगी। हालांकि, छोटे-मोटे बदलाव संभव हैं।

ALSO READ: हार के बाद हार्दिक पांड्या के बयान पर भड़के रविचंद्रन अश्विन, महेंद्र सिंह धोनी को किया याद, पांड्या को दिया सबक