पाकिस्तान क्रिकेट में इन दिनों मोहम्मद रिजवान (Mohammad Rizwan) को लेकर काफी चर्चा हो रही है। ऑनलाइन सट्टेबाजी, जुए और ड्रेसिंग रूम की जानकारी लीक करने से जुड़े मामले की जांच के बीच अब उनके लिए राहत भरी खबर सामने आई है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने मोहम्मद रिजवान (Mohammad Rizwan) को घरेलू क्रिकेट में खेलने की अनुमति दे दी है। इस फैसले के बाद उनकी मैदान पर वापसी का रास्ता खुल गया है। हालांकि, जांच अभी जारी है और बोर्ड की इस मंजूरी को मामले में पूरी तरह क्लीन चिट नहीं माना जा सकता।
पहले रोक, अब खेलने की मिली अनुमति
मोहम्मद रिजवान (Mohammad Rizwan) को पाकिस्तान के घरेलू प्रथम श्रेणी टूर्नामेंट प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी में खेलने की अनुमति मिली है। एसएनजीपीएल टीम के निदेशक और मुख्य कोच मोहम्मद हफीज (Mohammad Hafeez) ने इसकी पुष्टि की है। उनके अनुसार, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के घरेलू क्रिकेट विभाग से मंजूरी मिलने के बाद रिजवान अपनी टीम के लिए खेल सकते हैं।
रिजवान को इससे पहले जांच के कारण घरेलू क्रिकेट में खेलने की अनुमति नहीं मिली थी। अब बोर्ड के फैसले से उन्हें प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी का मौका मिल गया है। वह एसएनजीपीएल की कप्तानी करते हुए भी नजर आ सकते हैं।
आखिर किस मामले में फंसे हैं रिजवान?
मोहम्मद रिजवान (Mohammad Rizwan) और पाकिस्तान के बल्लेबाज इमाम-उल-हक (Imam-ul-Haq) को इंग्लैंड दौरे के दौरान दूसरे टेस्ट के बाद टीम से वापस बुलाया गया था। इसके बाद राष्ट्रीय साइबर अपराध जांच एजेंसी ने दोनों खिलाड़ियों से जुड़े मामले की जांच शुरू की।
मामले में कथित ऑनलाइन सट्टेबाजी, जुए और ड्रेसिंग रूम की जानकारी लीक होने जैसे पहलुओं की जांच की जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, रिजवान से जांच एजेंसी दो बार पूछताछ भी कर चुकी है। उनके और इमाम के मोबाइल फोन फॉरेंसिक जांच के लिए एजेंसी के पास हैं। हालांकि, इन आरोपों पर अभी तक कोई अंतिम निष्कर्ष सार्वजनिक नहीं हुआ है।
क्या अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी होगी वापसी?
घरेलू क्रिकेट में खेलने की मंजूरी मिलने से मोहम्मद रिजवान (Mohammad Rizwan) को अपनी लय हासिल करने का अवसर मिलेगा। लेकिन पाकिस्तान की राष्ट्रीय टीम में उनकी वापसी को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। अब सबकी नजरें इस बात पर रहेंगी कि रिजवान घरेलू टूर्नामेंट में कैसा प्रदर्शन करते हैं और जांच आगे क्या मोड़ लेती है। फिलहाल उनके लिए यह फैसला बड़ी राहत जरूर है।
ALSO READ : पहले मैच की गलती दोहराई तो बढ़ेंगी मुश्किलें, दूसरे टी20 में भारतीय बल्लेबाजों को दिखाना होगा दम
