कानपुर-लखनऊ रेल मार्ग पर यात्रियों को बड़ी असुविधा का सामना करना पड़ने वाला है। रेलवे प्रशासन ने इस रूट पर 2 अप्रैल से 13 मई तक 42 दिनों का मेगा ब्लॉक घोषित किया है। इस दौरान 17 ट्रेनों को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है, जबकि वंदे भारत और शताब्दी जैसी प्रीमियम ट्रेनों सहित 29 ट्रेनों का रूट बदल दिया गया है।
इस फैसले का असर रोजाना सफर करने वाले हजारों यात्रियों पर पड़ेगा, खासकर कानपुर और लखनऊ के बीच यात्रा करने वाले दैनिक यात्रियों पर।
गंगा पुल पर मरम्मत कार्य बना वजह
रेलवे द्वारा यह ब्लॉक कानपुर और उन्नाव के बीच स्थित गंगा पुल पर ट्रैक मरम्मत के कारण लिया गया है। डाउन लाइन पर पुराने स्लीपर हटाकर नए स्टील एच-बीम लगाए जाएंगे, साथ ही पटरियों और लोहे की चादरों को भी बदला जाएगा।
यह काम रेलवे की सुरक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए जरूरी बताया जा रहा है। ब्लॉक के दौरान हर दिन सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक काम किया जाएगा, जिससे ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा।
कौन-कौन सी ट्रेनें होंगी प्रभावित
इस अवधि में कानपुर-लखनऊ मेमू सहित कुल 17 ट्रेनें पूरी तरह निरस्त रहेंगी। वहीं, कई ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया है या उन्हें बीच के स्टेशनों तक सीमित कर दिया गया है।
वहीं, स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस और अयोध्या वंदे भारत जैसी प्रमुख ट्रेनों को डायवर्ट कर दूसरे रूट से चलाया जाएगा। कई लंबी दूरी की ट्रेनों को कानपुर सेंट्रल या अन्य स्टेशनों तक ही सीमित किया गया है।
यात्रियों के लिए रेलवे की अपील
रेलवे प्रशासन ने पहले से टिकट बुक कराने वाले यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें। जिन यात्रियों की ट्रेनें रद्द हुई हैं, उन्हें टिकट रिफंड लेने या नई तारीख पर टिकट बुक करने की सलाह दी गई है।
साथ ही यात्रियों को रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन से अपडेट लेने की सलाह दी गई है, ताकि यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके।
ALSO READ:योगी आदित्यनाथ का दावा, कानून-व्यवस्था में सुधार से बदली यूपी की तस्वीर, अखिलेश पर तीखा हमला
