Posted inन्यूज, झारखंड, राजनीति

झारखंड कैबिनेट की बैठक 27 अक्टूबर को, तीन दर्जन से अधिक प्रस्तावों पर चर्चा संभव

News on WhatsAppJoin Now

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में झारखंड मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की अहम बैठक 27 अक्टूबर को दोपहर 3:00 बजे रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन सचिवालय के मंत्रालय सभागार में आयोजित की जाएगी। इस बैठक को लेकर मंत्रिमंडल सचिवालय एवं समन्वय विभाग ने सभी विभागों के प्रमुख सचिवों और मंत्रियों को औपचारिक सूचना भेज दी है।

गौरतलब है कि इससे पहले अपरिहार्य कारणों से कैबिनेट की बैठक दो बार स्थगित करनी पड़ी थी—पहली बार मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पुत्री के निधन के चलते और दूसरी बार मुख्यमंत्री की माता रूपी सोरेन के गंभीर स्वास्थ्य संकट व निधन के कारण। अब 27 अक्टूबर को होने वाली इस बैठक को प्रशासनिक व नीतिगत दृष्टिकोण से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

तीन दर्जन से अधिक प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर

सूत्रों के मुताबिक, विभिन्न विभागों की ओर से तीन दर्जन (36 से अधिक) प्रस्ताव मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) को भेजे गए हैं। मुख्यमंत्री की संस्तुति के बाद इन्हें कैबिनेट के एजेंडे में शामिल किया जाएगा। प्रमुख संभावित बिंदु निम्नलिखित हैं:

विधानसभा का शीतकालीन सत्र: आगामी शीतकालीन सत्र के आयोजन की तिथियों और रूपरेखा पर कैबिनेट में निर्णय लिया जा सकता है।

JPSC अध्यक्ष व सदस्यों की नियुक्ति: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) में रिक्त पड़े अध्यक्ष एवं सदस्यों के पदों पर नियुक्ति को लेकर भी इस बैठक में फैसला संभव है।

सचिवालय कर्मियों की सेवा नियमावली: सचिवालय संवर्ग के कर्मियों के लिए तैयार की गई संशोधित सेवा नियमावली पर विचार और स्वीकृति मिल सकती है।

अन्य विकास योजनाएं: इसके अलावा विभिन्न विभागों से संबंधित बुनियादी ढांचे, विकास योजनाओं और बजट आवंटन से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी मिलने की संभावना है।