उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi adityanath) ने वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश होने के बाद अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है, जिसे उन्होंने इतिहास में एक महत्वपूर्ण दस्तावेज़ बताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट हर वर्ग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, इसमें कोई नया कर (टैक्स) नहीं लगाया गया है, जिससे जनता को सीधे लाभ मिले। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले 9 सालों में प्रदेश ने पॉलिसी पैरलिसिस हालत से निकलकर खुद को अनलिमिटेड पोटेंशियल स्टेट के रूप में स्थापित किया है।
सीएम ने बताया कि यह बजट उत्तर प्रदेश की आर्थिक क्षमता को तीन गुना तक बढ़ाने वाला है और इसे सुरक्षित नारी, सक्षम युवा, खुशहाल किसान और हर हाथ को काम की थीम पर आधारित किया गया है। उन्होंने कहा कि बजट में निवेश, विकास और रोजगार को ध्यान में रखकर योजनाएं रखी गई हैं, ताकि प्रदेश देश की टॉप-3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो सके।
योगी आदित्यनाथ ने यह भी उल्लेख किया कि वित्तीय प्रबंधन में सुधार के कारण उत्तर प्रदेश रेवेन्यू सरप्लस स्टेट बन गया है, यानी राजस्व खर्च से अधिक है, और यह राज्य अब एफआरबीएम (Fiscal Responsibility and Budget Management) के नियमों के तहत वित्तीय अनुशासन बनाए रख रहा है।
बजट के मुख्य फोकस: रोजगार, निवेश और AI मिशन
योगी सरकार ने बजट में रोजगार सृजन (Employment Generation) और युवाओं के कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह बजट निश्चित रूप से एक रोजगार-जनरेटिंग बजट है, जिसमें युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। निवेश को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने “सिंगल विंडो सिस्टम” भी लागू करने की तैयारी बताई है ताकि नये निवेशकों को आसान प्रक्रिया मिले।
विशेष बात यह है कि बजट में डिजिटल और तकनीकी क्षेत्र को भी प्रमुखता दी गई है। राज्य सरकार ने आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र के लिए बजट आवंटन में करीब 76% वृद्धि की है और उत्तर प्रदेश AI मिशन को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसके तहत प्रदेश में AI लैब्स, साइबर सुरक्षा केन्द्र और डाटा सेंटर पार्क स्थापित करने की योजना है, जिससे डिजिटल अवसंरचना मजबूत होगी और नई तकनीकों के अवसर बढ़ेंगे।
इसके अलावा महिलाओं, छात्रों और छोटे उद्यमियों के लिए भी खास प्रावधान हैं। बजट में महिलाओं के लिए स्कूटी योजना, कौशल विकास केंद्र और रोजगार सृजन योजनाओं का उल्लेख है, जिससे समाज के हर वर्ग को शामिल किया जा सके।
Read More : यूपी बजट 2026-27: महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए योगी सरकार का बड़ा प्रस्ताव
