पटना, 29 नवंबर 2026। बिहार में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और प्रशासनिक कार्यों में जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए हैं। शनिवार को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद सभागार में आयोजित दो दिवसीय प्रशासनिक एवं विधि-व्यवस्था समीक्षा सम्मेलन के पहले दिन मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी 38 जिलों के जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक की। उन्होंने अपराध, भ्रष्टाचार और सरकारी कार्यों में लापरवाही के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने का निर्देश दिया।
अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पुलिस अधिकारियों को अपराध नियंत्रण के लिए सूचना तंत्र मजबूत करने और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा। इन कार्यों की निगरानी आईजी और डीआईजी स्तर के अधिकारी करेंगे। इसके अतिरिक्त पुलिस संसाधनों और उपलब्ध मानव बल का बेहतर इस्तेमाल करने पर जोर दिया गया।
जीपीएस के माध्यम से होगी रात्रि गश्त की निगरानी
राज्य में पुलिस गश्त को अधिक प्रभावी बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल बढ़ाने का निर्देश दिया। रात्रि गश्त करने वाले पुलिस वाहनों की जीपीएस के माध्यम से निगरानी की जाएगी। पुलिस प्रशासन को अपने संसाधनों का नियमित आकलन करने के साथ अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है।
भूमि विवादों के समाधान के लिए हर सप्ताह होगी बैठक
मुख्यमंत्री ने भूमि विवादों को कानून-व्यवस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताते हुए इनके निपटारे में तेजी लाने का निर्देश दिया। अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की साप्ताहिक बैठक आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही भूमि सुधार उपसमाहर्ता और अपर समाहर्ता के न्यायालयों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
सोशल मीडिया की शिकायतों पर होगी त्वरित कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को नियमित जनता दरबार आयोजित करने और नागरिकों के साथ सीधा संवाद स्थापित करने का निर्देश दिया। सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के समाधान में भी तेजी लाने को कहा गया है। सभी जिलों के डीएम और एसपी को महीने में कम से कम दो बार पत्रकार वार्ता आयोजित कर प्रशासनिक कार्यों से संबंधित तथ्यात्मक जानकारी जनता तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया।
औद्योगिक निवेश और रोजगार पर विशेष ध्यान
बैठक में उद्योग विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में औद्योगिक परियोजनाओं के लिए भूमि बैंक विकसित करने को कहा गया। स्थानीय उद्यमियों के साथ नियमित संवाद स्थापित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि निवेश से जुड़ी समस्याओं की पहचान की जा सके और रोजगार के अवसर बढ़ाने में सहायता मिले।
कृषि, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा
सम्मेलन के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं, कृषि योजनाओं, खाद एवं बीज की उपलब्धता, सड़क निर्माण और जल संसाधन से संबंधित परियोजनाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना संभावित सड़क क्षेत्रों में सुधार तथा बाढ़ और गाद प्रबंधन के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
विकास योजनाओं का लाभ गांवों तक पहुंचाने पर जोर
दो दिवसीय सम्मेलन में सात निश्चय कार्यक्रम, कृषि रोडमैप और विभिन्न विभागों की विकास परियोजनाओं की प्रगति को भी समीक्षा का हिस्सा बनाया गया है। अधिकारियों को परियोजनाओं में देरी के कारणों की पहचान करने और उन्हें दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है।
समीक्षा सम्मेलन के दूसरे दिन रविवार को भी विभिन्न विभागों और जिला प्रशासन के कामकाज पर चर्चा निर्धारित है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ सरकारी सेवाओं को समय पर नागरिकों तक पहुंचाने और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने को कहा है।
