अगस्त 2026 में बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है तो घर से निकलने से पहले छुट्टियों की सूची जरूर जांच लें। इस महीने स्वतंत्रता दिवस, रक्षाबंधन, मिलाद-उन-नबी और अलग-अलग राज्यों के क्षेत्रीय त्योहारों के साथ शनिवार और रविवार की छुट्टियां पड़ रही हैं। अलग-अलग बैंकिंग जोन को मिलाकर महीने में कुल 14 दिनों तक बैंक शाखाएं बंद रहने की बात सामने आई है।
हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि देशभर के सभी बैंक लगातार 14 दिन बंद रहेंगे। भारतीय रिजर्व बैंक की छुट्टियों की सूची राज्यों और शहरों के अनुसार अलग होती है, इसलिए ग्राहकों को अपने क्षेत्र की छुट्टी देखकर ही बैंक जाने की योजना बनानी चाहिए।
15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर बंद रहेंगे बैंक
अगस्त में देशभर में लागू प्रमुख छुट्टियों में 15 अगस्त का स्वतंत्रता दिवस शामिल है, जो इस बार शनिवार को पड़ रहा है। इसके अलावा 8 अगस्त को दूसरा शनिवार और 22 अगस्त को चौथा शनिवार होने के कारण बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। रविवार को भी नियमित साप्ताहिक अवकाश रहेगा।
इनके अलावा केरल, त्रिपुरा, मणिपुर, सिक्किम और अन्य राज्यों में स्थानीय त्योहारों तथा महत्वपूर्ण दिवसों के कारण अतिरिक्त बैंक अवकाश रहेंगे। ऐसे में अगस्त में शाखा जाकर काम कराने वाले ग्राहकों के लिए पहले स्थानीय कैलेंडर जांचना जरूरी होगा।
मिलाद-उन-नबी और रक्षाबंधन पर भी छुट्टी
महीने के अंतिम हिस्से में छुट्टियों का असर ज्यादा दिखाई देगा। 26 अगस्त को मिलाद-उन-नबी के अवसर पर लखनऊ, कानपुर, दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई, हैदराबाद, पटना, भोपाल, देहरादून और कई अन्य केंद्रों में बैंक बंद रहने की सूची में हैं।
वहीं 28 अगस्त को रक्षाबंधन के कारण लखनऊ, कानपुर, अहमदाबाद, जयपुर, भोपाल, देहरादून, जम्मू, शिमला और कुछ अन्य बैंकिंग केंद्रों में शाखाएं बंद रहेंगी। केरल में ओणम से जुड़ी छुट्टियां भी इसी अवधि में पड़ रही हैं। इसलिए छुट्टी की तारीख हर राज्य में समान नहीं होगी।
UPI और ऑनलाइन बैंकिंग पर नहीं पड़ेगा असर
बैंक शाखाएं बंद होने के बावजूद ग्राहकों की डिजिटल बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की उम्मीद है। UPI, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और एटीएम जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल छुट्टी के दिनों में भी किया जा सकेगा।
हालांकि चेक क्लियरेंस, डिमांड ड्राफ्ट, लॉकर एक्सेस, कुछ दस्तावेजी काम और शाखा में जाकर पूरी होने वाली सेवाएं छुट्टी के कारण अगले कार्यदिवस तक टल सकती हैं।
इसलिए अगस्त में बड़े लेनदेन या शाखा से जुड़े काम की योजना बनाते समय स्थानीय बैंक हॉलिडे कैलेंडर देखना बेहतर रहेगा। RBI की सूची राज्यवार होती है, इसलिए केवल ‘14 दिन बैंक बंद’ देखकर यह नहीं मानना चाहिए कि हर शहर में सभी 14 दिन छुट्टी रहेगी।
ALSO READ: 1 अगस्त से उत्तर प्रदेश के इन जिलों में होगी मूसलाधार बारिश, अगले 72 घंटे खराब रहेगा मौसम
