शेयर बाजार में सोमवार को इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर की कंपनी अशोका बिल्डकॉन (Ashoka Buildcon) के शेयरों में जबरदस्त हलचल देखने को मिली। कंपनी को 4,200 करोड़ रुपये से ज्यादा के बड़े प्रोजेक्ट्स मिले हैं, जिसके बाद निवेशकों की नजर इस स्टॉक पर टिक गई। नए प्रोजेक्ट्स में नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) का बड़ा एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट और जयपुर मेट्रो के दो महत्वपूर्ण कॉन्ट्रैक्ट शामिल हैं। इन खबरों के सामने आने के बाद कंपनी के शेयरों में करीब 7 फीसदी तक की तेजी दर्ज की गई। कंपनी के लिए यह ऑर्डर उसकी कारोबार संबंधी संभावनाओं को मजबूत करने वाला माना जा रहा है।
NHAI से मिला 1,465 करोड़ रुपये का एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट
अशोका बिल्डकॉन (Ashoka Buildcon) ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि उसे नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) से 1,465 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट के लिए लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस मिला है। इस प्रोजेक्ट के तहत गुजरात में वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के 35.4 किलोमीटर लंबे हिस्से का निर्माण किया जाएगा।
इसमें जुजुवा से गांदेवा तक आठ लेन का एक्सेस-कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे तैयार करना शामिल है। कंपनी को यह काम इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (EPC) मॉडल के तहत मिला है। इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए 18 महीने की समयसीमा तय की गई है। कंपनी के मुताबिक, इस कॉन्ट्रैक्ट में 10 साल की डिफेक्ट लायबिलिटी अवधि भी शामिल है।
जयपुर मेट्रो के दो बड़े प्रोजेक्ट्स में भी मिली सफलता
अशोका बिल्डकॉन (Ashoka Buildcon) कंपनी को राजस्थान मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के दो प्रोजेक्ट्स में भी बड़ी सफलता मिली है। अशोका बिल्डकॉन (Ashoka Buildcon) ने SAM India के साथ ज्वाइंट वेंचर में इन दोनों प्रोजेक्ट्स के लिए सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी (L1) के रूप में जगह बनाई है। इन दोनों प्रोजेक्ट्स की कुल कीमत 2,758.31 करोड़ रुपये है, जिसमें जीएसटी भी शामिल है। पहले प्रोजेक्ट की कीमत 1,130.31 करोड़ रुपये है।
इसके तहत जयपुर मेट्रो फेज-2 में एलिवेटेड वायाडक्ट और 12 स्टेशन बनाए जाएंगे। दूसरे प्रोजेक्ट की कीमत 1,628 करोड़ रुपये है, जिसमें 11 एलिवेटेड स्टेशन और मौजूदा मेट्रो कॉरिडोर के कुछ हिस्से में बदलाव का काम शामिल है। दोनों प्रोजेक्ट्स को पूरा करने के लिए 36 महीने की समयसीमा रखी गई है।
शेयरों में 7% की तेजी, निवेशकों की बढ़ी दिलचस्पी
इन प्रोजेक्ट्स की खबर सामने आने के बाद अशोका बिल्डकॉन (Ashoka Buildcon) के शेयरों में करीब 7 फीसदी का उछाल देखने को मिला। पिछले एक सप्ताह में शेयर 10.37 फीसदी और एक महीने में 20.82 फीसदी चढ़ चुका है। हालांकि, लंबी अवधि का प्रदर्शन अभी भी दबाव में रहा है।
इस साल अब तक शेयर में करीब 29.12 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। नए प्रोजेक्ट्स से कंपनी के ऑर्डर पाइपलाइन को मजबूती मिली है, लेकिन शेयर की आगे की चाल बाजार की परिस्थितियों और प्रोजेक्ट्स के सफल क्रियान्वयन पर भी निर्भर करेगी।
