Arshdeep Singh : आईपीएल 2027 से पहले खिलाड़ियों की अदला-बदली को लेकर सबसे बड़ी खबर सामने आई है। मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के कप्तान हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) अब पंजाब किंग्स (Punjab Kings) की जर्सी में नजर आ सकते हैं। दोनों फ्रेंचाइजी के बीच ट्रेड को लेकर बातचीत काफी आगे बढ़ चुकी है। इस डील में पंजाब अपने स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह (Arshdeep Singh) को मुंबई भेज सकती है। इतना ही नहीं, इस सौदे में एक और खिलाड़ी का नाम भी शामिल है।
हार्दिक पांड्या के लिए पंजाब किंग्स ने चली बड़ी चाल
स्पोर्टस्टार और द हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच हार्दिक पांड्या के ट्रेड को लेकर लगभग सहमति बन गई है। पंजाब की टीम आगामी सीजन के लिए एक अनुभवी ऑलराउंडर को अपने साथ जोड़ना चाहती है।
हार्दिक बल्लेबाजी के साथ तेज गेंदबाजी भी करते हैं। इसके अलावा उन्हें कप्तानी का अच्छा अनुभव है। उन्होंने गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) को अपनी कप्तानी में आईपीएल चैंपियन भी बनाया था। ऐसे में पंजाब किंग्स के कोच रिकी पोंटिंग (Ricky Ponting) के लिए हार्दिक एक अहम विकल्प साबित हो सकते हैं।
अर्शदीप सिंह और विष्णु विनोद जाएंगे मुंबई
इस संभावित ट्रेड में मुंबई इंडियंस को पंजाब किंग्स की तरफ से दो खिलाड़ी मिल सकते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, अर्शदीप सिंह (Arshdeep Singh) और विकेटकीपर बल्लेबाज विष्णु विनोद (Vishnu Vinod) को हार्दिक पांड्या के बदले मुंबई भेजने पर सहमति बनी है। अर्शदीप सिंह (Arshdeep Singh) पंजाब के प्रमुख तेज गेंदबाजों में शामिल रहे हैं।
वह नई गेंद से विकेट निकालने के अलावा डेथ ओवरों में भी गेंदबाजी करने की क्षमता रखते हैं। दूसरी तरफ विष्णु विनोद विकेटकीपिंग के साथ मध्यक्रम में बल्लेबाजी का विकल्प देते हैं। मुंबई के लिए अर्शदीप सिंह (Arshdeep Singh) का आना गेंदबाजी विभाग को मजबूत करने वाला कदम हो सकता है। खासकर बाएं हाथ के तेज गेंदबाज के रूप में वह टीम के संयोजन में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
17 नवंबर से पहले हो सकता है बड़ा ऐलान
इस ट्रेड को लेकर अभी कुछ औपचारिकताएं बाकी हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रस्तावित डील के दस्तावेज आईपीएल अधिकारियों के पास भेजे जाने हैं। इसके बाद ही इसे आधिकारिक मंजूरी मिल सकेगी। आईपीएल 2027 के लिए खिलाड़ियों को रिटेन करने की आखिरी तारीख 17 नवंबर बताई गई है।
ऐसे में इससे पहले दोनों फ्रेंचाइजी इस बड़े सौदे का ऐलान कर सकती हैं। हालांकि, अभी तक मुंबई इंडियंस, पंजाब किंग्स या आईपीएल की तरफ से आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। अगर यह ट्रेड पूरा होता है तो आईपीएल 2027 में हार्दिक पंजाब और अर्शदीप मुंबई की तरफ से खेलते दिखाई दे सकते हैं।
