Posted inन्यूज, उत्तर प्रदेश, राजनीति

योगी सरकार की निःशुल्क टूल किट योजना से ग्रामीण युवाओं को मिली स्वरोजगार की राह

CM Yogi Adityanath Computer Operator
सीएम योगी की बड़ी सौगात: 1057 नवचयनित उपनिरीक्षकों की ₹84.56 करोड़ की रिकवरी माफ
News on WhatsAppJoin Now

*लखनऊ, 28 नवंबर।* मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध करा रही है। सरकार की योजनाएं ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद लोगों के लिए आजीविका का मजबूत माध्यम बन रही हैं। इसका उदाहरण गोमती नगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में शुरू हुए 10 दिवसीय राज्य स्तरीय ‘उत्तर प्रदेश खादी महोत्सव-2026’ में देखने को मिला।

खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान ने शुक्रवार को महोत्सव का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की निःशुल्क टूल किट वितरण योजना के तहत लाभार्थियों को दोना-पत्तल मेकिंग मशीन समेत अन्य किट वितरित की गईं। स्वरोजगार के लिए मशीनें और किट पाकर लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे। उन्होंने योगी सरकार की योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि सरकार ने उन्हें अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर दिया है।

*खेती-किसानी से आगे बढ़कर अब अपना कारोबार करेंगे मोहित*

लखनऊ के माल निवासी मोहित को दोना पत्तल की किट मिली है। उन्होंने बताया कि वह अभी तक खेती-किसानी करके परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। एक महिला अधिकारी से उन्हें निःशुल्क टूल किट योजना की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने आवेदन किया। ग्रेजुएशन तक पढ़ाई कर चुके मोहित अब दोना-पत्तल बनाने की मशीन से अपना कारोबार शुरू करेंगे और उसे आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं पर भी विशेष ध्यान दे रही है और उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही है।

*योगी सरकार की योजना से अंजलि को मिली दोना-पत्तल मशीन, अब बनेंगी आत्मनिर्भर*

इसी तरह बीकेटी निवासी अंजलि गौतम को भी दोना पत्तल की मशीन मिली है। अंजलि गौतम ने कहा कि वह शुरू से ही अपना व्यवसाय करना चाहती थीं, लेकिन आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उनका सपना पूरा नहीं हो पा रहा था। अब सरकारी योजना के तहत दोना-पत्तल बनाने की मशीन मिलने से उन्हें अपना कारोबार शुरू करने का अवसर मिल गया है। उन्होंने इसके लिए योगी सरकार का आभार भी जताया।

*गुलशन बेटियों को दिलाएंगे अच्छी शिक्षा, लक्ष्मी करेंगी पॉपकार्न का कारोबार*

नगराम निवासी गुलशन कुमार को पॉपकॉर्न मेकिंग मशीन मिली है। उन्होंने बताया कि अभी तक वह दिहाड़ी मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। आर्थिक तंगी के कारण हाईस्कूल तक ही पढ़ाई कर सके। अब मशीन मिलने से वह अपना काम शुरू करेंगे और इससे होने वाली आमदनी से परिवार चलाने के साथ अपनी दोनों बेटियों को अच्छी शिक्षा दिलाएंगे। बीकेटी निवासी लक्ष्मी को भी पॉपकॉर्न मेकिंग मशीन मिली है। उन्होंने कहा कि अब मजदूरी के बजाय अपना कारोबार शुरू कर सकेंगी और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में पति का सहयोग करेंगी।

*हनी बॉक्स किट से मिलेगा मधुमक्खी पालन का मौका*

वहीं, गोसाईंगंज निवासी शुभम और प्रिंस को मधुमक्खी पालन के लिए हनी बॉक्स टूल किट का प्रमाणपत्र मिला है। शुभम ने बताया कि उन्हें जल्द ही किट उपलब्ध हो जाएगी। उन्होंने कहा कि अभी तक बेरोजगार थे, लेकिन अब मधुमक्खी पालन के जरिए रोजगार शुरू करने का अवसर मिला है। प्रिंस ने बताया कि गांव में मधुमक्खी पालन से जुड़े लोगों से उन्हें इस योजना की जानकारी मिली थी। इसके बाद उन्होंने आवेदन किया। उन्होंने कहा कि योगी सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए अच्छा काम कर रही है।