नौकरीपेशा लोगों के लिए प्रोविडेंट फंड (PF) से जुड़ी बड़ी खुशखबरी सामने आई है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) जल्द ही अपने करोड़ों खाताधारकों को UPI के जरिए PF का पैसा निकालने की सुविधा दे सकता है। इसके लिए जरूरी टेस्टिंग पूरी होने की खबर है और दिसंबर 2026 के अंत तक यह सुविधा शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस नई व्यवस्था से कर्मचारियों को जरूरत के समय PF का पैसा पाने के लिए लंबी क्लेम प्रक्रिया का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। खास बात यह है कि खाताधारक BHIM, फोनपे और गूगल पे जैसे UPI ऐप के जरिए भी इस सुविधा का इस्तेमाल कर सकेंगे। हालांकि, इसके लिए कुछ जरूरी शर्तें पूरी करनी होंगी।
UPI से PF निकालने की सुविधा कैसे करेगी काम?
मौजूदा व्यवस्था में PF का पैसा निकालने के लिए कर्मचारियों को UAN पोर्टल पर ऑनलाइन क्लेम करना पड़ता है। इसके बाद EPFO क्लेम की जांच करता है और मंजूरी मिलने पर रकम बैंक खाते में भेजी जाती है। इस प्रक्रिया में कई बार समय लग जाता है। नई व्यवस्था में EPFO के यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) को खाताधारक के UPI अकाउंट से जोड़ा जाएगा।
इसके बाद पात्र कर्मचारी अपने उपलब्ध PF बैलेंस की जानकारी देख सकेंगे और निर्धारित सीमा के भीतर निकासी कर पाएंगे। इस सुविधा को BHIM समेत दूसरे UPI ऐप से जोड़ने की तैयारी है। इसका मकसद PF निकासी को तेज और आसान बनाना है।
कितना पैसा निकाल सकेंगे कर्मचारी, क्या पूरी रकम मिलेगी?
इस प्रस्तावित सुविधा में कर्मचारी अपने PF खाते में जमा पूरी रकम नहीं निकाल सकेंगे। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, पात्र खाताधारक अपने योग्य PF बैलेंस का 75 फीसदी तक निकाल सकेंगे और बाकी रकम खाते में रखनी होगी। हालांकि, 19 नवंबर 2026 को EPFO के केंद्रीय न्यासी बोर्ड ने न्यूनतम बैलेंस की शर्त 25 फीसदी से घटाकर 10 फीसदी करने को मंजूरी दी है।
इससे भविष्य में निकासी की सीमा बढ़ने की संभावना है। UPI सुविधा के तहत अंतिम सीमा और शर्तों की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है। इसलिए 75 या 90 फीसदी निकासी को फिलहाल अंतिम नियम नहीं मानना चाहिए।
किन लोगों को मिलेगा फायदा और कब शुरू होगी सुविधा?
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए कर्मचारी का UAN सक्रिय होना, KYC पूरी होना और बैंक खाता EPFO से सत्यापित होकर जुड़ा होना जरूरी होगा। PF से आंशिक निकासी के लिए शिक्षा, शादी, मकान और जरूरी जरूरतों जैसी निर्धारित श्रेणियां लागू रहेंगी। रिपोर्टों के मुताबिक, UPI से निकासी की टेस्टिंग पूरी हो चुकी है और तकनीकी कमियों को भी दूर कर लिया गया है। अब दिसंबर 2026 के अंत तक इसके लॉन्च होने की उम्मीद है। हालांकि, सुविधा शुरू होने की आधिकारिक तारीख और विस्तृत नियमों का इंतजार करना होगा।
ALSO READ : Bank Holiday: कल शनिवार को बैंक खुलेंगे या रहेगी छुट्टी? RBI की लिस्ट से जानें 21 नवंबर का पूरा अपडेट
