Posted inन्यूज, उत्तर प्रदेश, राजनीति

अवध और मिथिला के संबंधों में जुड़ने जा रहा स्वर्णिम अध्याय: सीएम योगी ने अयोध्या से जनकपुर तक सीधी रेल सेवा के शुभारंभ पर रामभक्तों को दी बधाई

Yogi Adityanath UP CM
News on WhatsAppJoin Now

*लखनऊ, 23 नवंबरः* मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री अयोध्या धाम और श्री जनकपुर धाम के मध्य सीधी रेल सेवा के शुभारंभ के पहले रामभक्तों को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि अवध और मिथिला के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं ‘रोटी-बेटी’ के चिरंतन संबंधों में आज एक नवीन स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है।

*अयोध्या धाम में उपस्थित रहेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ*

सीएम योगी ने लिखा कि भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मित्र राष्ट्र नेपाल के प्रधानमंत्री श्री बालेन्द्र शाह के कर-कमलों से आज प्रभु श्री राम की पावन नगरी श्री अयोध्या धाम और माता जानकी की जन्मस्थली श्री जनकपुर धाम के मध्य सीधी रेल सेवा का शुभारंभ होगा। प्रभु श्री राम की कृपा से त्रेतायुग की स्मृतियों को जीवंत करने वाले इस पावन अवसर का साक्षी बनने के लिए मुझे श्री अयोध्या धाम में उपस्थित रहने का सुअवसर प्राप्त हो रहा है।

*प्रधानमंत्री जी के ‘विरासत भी, विकास भी’ और ‘नेबरहुड फर्स्ट’ के संकल्प का जीवंत प्रमाण है यह ऐतिहासिक पहल*

मुख्यमंत्री योगी ने विश्वास जताया कि युगों से अक्षुण्ण भारत और नेपाल का यह आत्मीय-सांस्कृतिक संबंध अब आधुनिक रेल संपर्क से और अधिक सुदृढ़ होगा। यह ऐतिहासिक पहल प्रधानमंत्री जी के ‘विरासत भी, विकास भी’ और ‘नेबरहुड फर्स्ट’ के संकल्प का जीवंत प्रमाण है। इससे दोनों देशों के करोड़ों श्रद्धालुओं की तीर्थयात्रा सुगम होगी तथा धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक एकात्मता और क्षेत्रीय समृद्धि को भी नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अवध को मिथिला से एकाकार करने वाले इस पावन उपहार के लिए सभी रामभक्तों को हृदय से बधाई दी!

जय श्री सीताराम!