Shubman Gill : भारत और न्यूजीलैंड (India vs New Zealand) के बीच वेलिंगटन में खेले जा रहे पहले टेस्ट के पहले दिन मैदान पर जबरदस्त ड्रामा देखने को मिला। भारतीय कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) उस समय अपना आपा खोते नजर आए, जब ग्लेन फिलिप्स (Glenn Phillips) के खिलाफ टीम इंडिया की एलबीडब्ल्यू अपील खारिज कर दी गई। मामला इतना बढ़ा कि गिल मैदानी अंपायर रिचर्ड इलिंगवर्थ (Richard Illingworth) से बातचीत करने लगे। डीआरएस (DRS) में मिले एक संकेत ने भी इस फैसले को चर्चा का विषय बना दिया।
बुमराह की गेंद पर हुई विकेट की अपील
यह पूरा मामला न्यूजीलैंड की पहली पारी के 31वें ओवर का है। जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) की तीसरी गेंद तेजी से अंदर की तरफ आई और ग्लेन फिलिप्स के पैड से जा टकराई। भारतीय गेंदबाजों ने जोरदार अपील की, लेकिन मैदानी अंपायर ने बल्लेबाज को नॉट आउट करार दिया।
इसके बाद शुभमन गिल (Shubman Gill) ने बुमराह और विकेटकीपर ऋषभ पंत (Rishabh Pant) से बातचीत की। बुमराह को लग रहा था कि गेंद की ऊंचाई ज्यादा है। उन्होंने गिल से कहा, ‘हाइट है’, जबकि कप्तान का मानना था कि गेंद बल्ले से नहीं लगी है। उन्होंने जवाब दिया, ‘बैट नहीं है।’ इसके बाद गिल ने डीआरएस लेने का फैसला किया।
स्निकोमीटर में दिखा बड़ा स्पाइक, थर्ड अंपायर ने दिया नॉट आउट
रिव्यू के दौरान स्निकोमीटर में गेंद के बल्ले के करीब से गुजरने पर बड़ा स्पाइक दिखाई दिया। हालांकि, फ्रंट-ऑन रिप्ले में बल्ले और गेंद के बीच संपर्क साफ नजर नहीं आ रहा था। तीसरे अंपायर पॉल रीफेल (Paul Reiffel) ने अलग-अलग एंगल से रिप्ले देखने के बाद धीमी गति में फुटेज चलाने को कहा।
उन्हें गेंद की दिशा में हल्का बदलाव दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने मैदानी अंपायर के नॉट आउट फैसले को बरकरार रखा। इस फैसले से गिल बिल्कुल खुश नहीं थे। उनका मानना था कि बल्ले और गेंद के बीच गैप था और गेंद सीधे पैड पर लगी थी।
गिल की अंपायर से हुई बहस, फिर भी नहीं बदला फैसला
तीसरे अंपायर का फैसला आने के बाद शुभमन गिल (Shubman Gill) मैदानी अंपायर रिचर्ड इलिंगवर्थ के पास पहुंचे और अपनी बात समझाने लगे। अंपायर ने भी उन्हें फैसले के पीछे की वजह बताई, लेकिन गिल संतुष्ट नहीं दिखे। वह सिर हिलाते हुए वापस फील्डिंग के लिए लौट गए। हालांकि, इस पूरे मामले में एक और अहम बात सामने आई।
रिप्ले में गेंद स्टंप्स के ऊपर से जाती हुई दिखाई दे रही थी। यानी अगर बल्ले से संपर्क नहीं भी हुआ होता, तब भी ऊंचाई के कारण एलबीडब्ल्यू का फैसला भारत के पक्ष में आने की संभावना कम थी। इस तरह भारत ने अपना एक रिव्यू गंवा दिया। वेलिंगटन टेस्ट के पहले दिन का यह DRS विवाद अब क्रिकेट फैंस के बीच चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।
