Upasana Singh : फिल्मी दुनिया बाहर से जितनी चमकदार दिखाई देती है, पर्दे के पीछे की हकीकत उतनी ही डराने वाली हो सकती है। बड़े सितारे, करोड़ों का बजट और शानदार सेट के बीच काम करने वाले छोटे कर्मचारियों की परेशानियां अक्सर कैमरे से दूर रह जाती हैं। अब अभिनेत्री उपासना सिंह ने मनोरंजन जगत से जुड़े ऐसे दो चौंकाने वाले किस्से सुनाए हैं, जिन्हें जानकर हर कोई हैरान है। उन्होंने बताया कि एक हादसे में लाइटमैन की जान चली गई, लेकिन इसके बावजूद शूटिंग जारी रखी गई।
लाइटमैन की मौत के बाद भी चलता रहा कैमरा
अभिनेत्री उपासना सिंह (Upasana Singh) ने अंकुर सिंह के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान फिल्म और टीवी इंडस्ट्री के कुछ कड़वे अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि सेट पर लाइटमैन ऊंचे प्लेटफॉर्म पर चढ़कर लाइटिंग का काम करते हैं। कई बार उन्हें भीषण गर्मी और मुश्किल परिस्थितियों में काम करना पड़ता है।
उपासना सिंह (Upasana Singh) के मुताबिक, एक बार ऊंचाई से गिरने के कारण एक लाइटमैन की मौके पर ही मौत हो गई थी। लेकिन इस दर्दनाक हादसे के बाद भी प्रोडक्शन टीम ने शूटिंग नहीं रोकी। उन्होंने बताया कि मृतक के शव को एक तरफ कर दिया गया और कैमरे के सामने काम जारी रहा। इस घटना ने अभिनेत्री को अंदर तक झकझोर दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर प्रोड्यूसर का पैसा किसी इंसान की जिंदगी से बड़ा कैसे हो सकता है?
बेहोश हुआ कंटेस्टेंट, मदद के बजाय कैमरा मंगवाया
उपासना सिंह (Upasana Singh) ने एक कॉमेडी रियलिटी शो से जुड़ा दूसरा हैरान करने वाला किस्सा भी बताया। उस शो में वह जज की भूमिका निभा रही थीं। उनके मुताबिक, एक बार परफॉर्मेंस के दौरान एक कंटेस्टेंट अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। उपासना ने बताया कि कंटेस्टेंट को तुरंत डॉक्टर या जरूरी मेडिकल मदद देने के बजाय प्रोड्यूसर ने कैमरा मंगवाने की बात कही।
मेकर्स उसकी हालत को रिकॉर्ड करना चाहते थे और यह जानना चाहते थे कि कहीं वह भूख की वजह से तो नहीं गिरा। यह देखकर अभिनेत्री उपासना सिंह (Upasana Singh) काफी दुखी हुईं। उनका कहना था कि उस समय सबसे जरूरी उस व्यक्ति की जान और सेहत थी, न कि कैमरे में उसकी परेशानी कैद करना।
टीआरपी के चक्कर में कह दी दिल छूने वाली बात
इन घटनाओं को याद करते हुए उपासना सिंह (Upasana Singh) ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि इंडस्ट्री में इंसानियत कहां खोती जा रही है। उन्होंने सवाल किया कि क्या हम सिर्फ टीआरपी (TRP) के पीछे भाग रहे हैं और किसी की जिंदगी की परवाह नहीं कर रहे? उन्होंने यह भी बताया कि किसी कलाकार की अचानक मौत होने पर कई बार अगले ही दिन उसकी जगह दूसरे कलाकार को ले लिया जाता है।
उपासना सिंह (Upasana Singh) मानती हैं कि शो की शूटिंग और टेलीकास्ट की अपनी मजबूरियां होती हैं, लेकिन इंसान की जिंदगी से बढ़कर कुछ नहीं हो सकता। उनके इन खुलासों ने एक बार फिर फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में काम करने वाले पर्दे के पीछे के कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मान पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ALSO READ : धमकियों के बीच नहीं रुके अमिताभ बच्चन! फिर KBC के सेट पर लौटे बिग बी, नए एपिसोड देखकर झूम उठे फैंस
