कई बार ऐसा होता है कि लोग एटीएम (ATM) से पैसे निकालने जाते हैं, लेकिन मशीन से कैश बाहर नहीं आता और मोबाइल पर खाते से पैसे कटने का मैसेज पहुंच जाता है। ऐसी स्थिति में ग्राहक परेशान हो जाते हैं और बैंक के चक्कर लगाने लगते हैं। लेकिन क्या आपको पता है कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नियमों के मुताबिक ऐसी स्थिति में बैंक को तय समय के अंदर आपके पैसे वापस करने होते हैं। अगर बैंक ऐसा नहीं करता है, तो ग्राहक को हर दिन 100 रुपये का मुआवजा भी देना पड़ सकता है।
5 दिन के अंदर वापस करने होंगे खाते से कटे पैसे
भारतीय रिजर्व बैंक (Reserve Bank of India) के नियमों के मुताबिक, अगर एटीएम (ATM) से पैसे नहीं निकलते हैं, लेकिन खाते से रकम कट जाती है, तो बैंक को अधिकतम T+5 कैलेंडर दिनों के भीतर पैसे वापस करने होते हैं। यहां T का मतलब ट्रांजैक्शन वाले दिन से है। यानी जिस दिन आपके खाते से पैसे कटे हैं, उसी तारीख से समय की गणना शुरू होगी।
बैंक को इस अवधि के भीतर रकम ग्राहक के खाते में वापस क्रेडिट करनी होगी। यह नियम उन असफल ट्रांजैक्शन पर लागू होता है, जिनकी वजह ग्राहक नहीं है। उदाहरण के लिए एटीएम (ATM) में कैश खत्म होना, तकनीकी खराबी या सर्वर कनेक्शन में समस्या आना।
देरी होने पर हर दिन मिलेगा ₹100 मुआवजा
अगर बैंक निर्धारित पांच कैलेंडर दिनों के भीतर आपके पैसे वापस नहीं करता है, तो छठे दिन से ग्राहक को हर दिन 100 रुपये का मुआवजा देना होगा। उदाहरण के तौर पर अगर एटीएम (ATM) से 10,000 रुपये निकाले गए, लेकिन पैसे नहीं मिले और खाते से रकम कट गई। बैंक ने अगर तय समय के बाद भी 10 दिन तक रकम वापस नहीं की,
तो देरी के प्रत्येक दिन के हिसाब से 100 रुपये का मुआवजा बन सकता है। खास बात यह है कि बैंक को यह मुआवजा ग्राहक के खाते में खुद जमा करना होगा। इसके लिए ग्राहक को अलग से मुआवजे का दावा करने की जरूरत नहीं है।
पैसे वापस नहीं मिले तो यहां करें शिकायत
अगर बैंक तय समय में रकम वापस नहीं करता या मुआवजा नहीं देता है, तो ग्राहक सबसे पहले अपने बैंक में शिकायत दर्ज करा सकता है। इसके लिए ट्रांजैक्शन की तारीख, रकम, एटीएम (ATM) की जानकारी और बैंक मैसेज संभालकर रखना जरूरी है। अगर बैंक 30 दिनों के भीतर शिकायत का समाधान नहीं करता या उसका जवाब संतोषजनक नहीं है,
तो ग्राहक RBI के इंटीग्रेटेड ओम्बड्समैन के पास शिकायत कर सकता है। इसके लिए भारतीय रिजर्व बैंक के शिकायत पोर्टल का इस्तेमाल किया जा सकता है।
ALSO READ : टाटा का यह शेयर दिखा सकता है बड़ा कमाल! ₹485 तक पहुंचने की उम्मीद, निवेशकों की बढ़ी नजर
