Posted inन्यूज, उत्तर प्रदेश, राजनीति

जनजातीय समाज के विकास को योगी सरकार ने दी रफ्तार: 18 विभाग मिलकर बदल रहे प्रदेश के 517 गांवों की तस्वीर

CM Yogi Adityanath Outsourcing
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बड़ा फैसला: आउटसोर्स कर्मियों का मानदेय दोगुना तक बढ़ा, कंपनी नहीं कर सकेगी वेतन में कटौती
News on WhatsAppJoin Now

*लखनऊ,17 नवंबर।* उत्तर प्रदेश में जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए योगी सरकार बहुविभागीय समन्वय के साथ काम कर रही है। जनजातीय बहुल क्षेत्रों में विकास की योजनाएं अलग-अलग विभागों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि एकीकृत कार्ययोजना के तहत बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसी कड़ी में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत प्रदेश के 26 जिलों के 47 ब्लॉक और 517 गांव चिह्नित किए गए हैं।

*सोनभद्र के सर्वाधिक 176 गांव*

जनजाति विकास विभाग के निदेशक प्रवीण मिश्र ने बताया कि चिह्नित गांवों में सोनभद्र के सर्वाधिक 176 गांव शामिल हैं। इसके अलावा बलिया के 61, ललितपुर के 38, देवरिया, कुशीनगर और लखीमपुर खीरी के 34-34 तथा गाजीपुर के 26 गांव अभियान का हिस्सा हैं। मिर्जापुर के 20, गोरखपुर के 18, चंदौली के 17 और बिजनौर के पांच गांव भी इसमें शामिल हैं।

*विकास की गति तेज करने का प्रयास किया जा रहा*

योगी सरकार का जोर गांवों में सड़क, पुल, नाली, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा के साथ आजीविका के अवसर बढ़ाने पर है। विभागों के बीच समन्वय से योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने और जनजातीय क्षेत्रों में विकास की गति तेज करने का प्रयास किया जा रहा है।

*2 अक्टूबर 2024 को अभियान की हुई थी शुरुआत*

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2 अक्टूबर 2024 को इस अभियान की शुरुआत की थी। उत्तर प्रदेश में इसे प्रभावी बनाने के लिए जनजाति विकास विभाग के साथ कुल 18 विभागों को जोड़ा गया है। ग्राम्य विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, जलापूर्ति, विद्युत ऊर्जा, कृषि, पशुपालन, कौशल विकास, पंचायती राज और पर्यटन समेत विभिन्न विभागों को 25 निर्धारित हस्तक्षेपों के माध्यम से गांवों को योजनाओं से संतृप्त करने की जिम्मेदारी दी गई है।