लखनऊ, 16 नवंबर। भाजपा एमएलसी लालजी प्रसाद निर्मल और प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। लालजी प्रसाद निर्मल ने कहा कि योगी सरकार में स्कूलों की व्यवस्था सुधारने के साथ पारदर्शी भर्तियां हो रही हैं, जबकि सपा शासन में भर्ती आयोग भ्रष्टाचार और पक्षपात के केंद्र थे। वहीं, राकेश त्रिपाठी ने कहा कि पदोन्नति में दलित आरक्षण को समाप्त करने वाले अखिलेश किस मुंह से दलित हितैषी होने की बात कर रहे हैं।
‘सपा शासन में भर्तियां भ्रष्टाचार और जातिगत पक्षपात की भेंट चढ़ीं’
लालजी प्रसाद निर्मल ने कहा कि सपा शासन में स्कूलों के भवन जर्जर थे और शिक्षकों के पद खाली थे। उन्होंने पूछा कि अखिलेश ने अपने कार्यकाल में शिक्षा व्यवस्था सुधारने के लिए क्या कदम उठाए? निर्मल ने कहा कि योगी सरकार में करीब 9.5 लाख सरकारी नौकरियां दी गई हैं और एक लाख नियुक्तियों का महा-अभियान जारी है।
जबकि सपा शासन में भर्तियां भ्रष्टाचार और जातिगत पक्षपात की भेंट चढ़ गई थीं। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने पेपर लीक रोकने के लिए कानून बनाया है और दोषियों पर तत्काल कार्रवाई हो रही है।
जातिगत जनगणना पर अखिलेश को घेरा
राकेश त्रिपाठी ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार जनगणना में जातिगत गणना शामिल करने का निर्णय पहले ही ले चुकी है, लेकिन अखिलेश हिंदू समाज को बांटने की मंशा से ये मांग उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में भर्ती प्रक्रिया में नकल माफिया हावी हुआ करते थे।
भर्ती आयोगों में एक ही जाति के लोगों को मनमाने ढंग से नियुक्त किया जाता था, जिस पर हाईकोर्ट ने भी तत्कालीन सरकार को फटकार लगाई थी। उन्होंने कहा कि सपा के चार कार्यकाल में जितनी नौकरियां नहीं दी गईं, उससे अधिक युवाओं को योगी सरकार में नौकरी मिल चुकी है।
