बॉलीवुड में जब भी बड़ी म्यूजिक कंपनियों की बात होती है, तो टी-सीरीज (T-Series) का नाम सबसे पहले आता है। आज यह कंपनी दुनियाभर में अपने गानों और फिल्मों के लिए मशहूर है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आखिर टी-सीरीज (T-Series) के नाम में ‘T’ का मतलब क्या है? ज्यादातर लोग इसे सिर्फ एक अंग्रेजी अक्षर समझते हैं, लेकिन इसके पीछे एक खास धार्मिक वजह जुड़ी हुई है। इस नाम का रिश्ता भगवान शिव और कंपनी के संस्थापक गुलशन कुमार (Gulshan Kumar) की गहरी आस्था से है।
T-Series में ‘T’ का मतलब जानकर रह जाएंगे हैरान
टी-सीरीज (T-Series) के नाम में इस्तेमाल होने वाले ‘T’ का मतलब त्रिशूल (Trishul) है। दरअसल, त्रिशूल भगवान शिव का प्रमुख अस्त्र माना जाता है और गुलशन कुमार भगवान शिव के परम भक्त थे। यही वजह थी कि उन्होंने अपनी म्यूजिक कंपनी का नाम रखते समय अपनी धार्मिक आस्था को भी इससे जोड़ा।
गुलशन कुमार का भगवान शिव और माता वैष्णो देवी के प्रति गहरा लगाव था। वह नियमित रूप से धार्मिक स्थलों पर जाते थे और भक्ति संगीत को लोगों तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी रखते थे। बिजनेस स्टैंडर्ड की एक रिपोर्ट में भी टी-सीरीज (T-Series) के ‘T’ को त्रिशूल से जुड़ा बताया गया है।
भजनों के जरिए गुलशन कुमार ने पूरा किया अपना शौक
गुलशन कुमार को सिर्फ कारोबार से ही लगाव नहीं था, बल्कि उन्हें भजन और धार्मिक संगीत सुनना भी बेहद पसंद था। उन्होंने महसूस किया कि देश में बड़ी संख्या में ऐसे श्रद्धालु हैं, जो मंदिरों में होने वाले मंत्रों और भजनों को सुनना चाहते हैं। इसी सोच के साथ उन्होंने सस्ते ऑडियो कैसेट के जरिए भक्ति संगीत को आम लोगों तक पहुंचाना शुरू किया।
उस दौर में टी-सीरीज (T-Series) ने माता के भजनों, शिव भजनों और धार्मिक गीतों की कई कैसेट जारी कीं। इन गानों को लोगों ने खूब पसंद किया। खास बात यह थी कि कंपनी ने भक्ति संगीत को उन लोगों तक भी पहुंचाया, जो आर्थिक कारणों से धार्मिक यात्राओं पर नहीं जा पाते थे।
छोटी शुरुआत से खड़ी कर दी म्यूजिक की बड़ी दुनिया
गुलशन कुमार की सफलता की कहानी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। उन्होंने दिल्ली के दरियागंज में जूस की दुकान से अपने कारोबार की शुरुआत की थी। इसके बाद संगीत और कैसेट के बिजनेस में कदम रखा। साल 1979 में टी-सीरीज नाम का इस्तेमाल शुरू हुआ और 1983 में सुपर कैसेट्स इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड की स्थापना हुई।
धीरे-धीरे कंपनी ने भक्ति संगीत से आगे बढ़कर बॉलीवुड फिल्मों के गानों में भी अपनी मजबूत पहचान बनाई। ‘आशिकी’ जैसी फिल्मों के संगीत ने कंपनी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। आज उनके बेटे भूषण कुमार (Bhushan Kumar) इस म्यूजिक साम्राज्य को आगे बढ़ा रहे हैं।
