अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अफगानिस्तान का कद लगातार बढ़ रहा है। अब टीम के अनुभवी बल्लेबाज और कप्तान रहमत शाह (Rahmat Shah) ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। आईसीसी (ICC) की ताजा टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में रहमत शाह ने टॉप-10 में जगह बना ली है। इतना ही नहीं, इस उपलब्धि के साथ उन्होंने भारतीय कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) को भी पीछे छोड़ दिया है।
पहली बार अफगानिस्तान के किसी खिलाड़ी ने हासिल की यह उपलब्धि
आईसीसी की 11 नवंबर 2026 को जारी ताजा रैंकिंग के मुताबिक, रहमत शाह (Rahmat Shah) छह स्थान की छलांग लगाकर सातवें नंबर पर पहुंच गए हैं। उनके खाते में करियर के सर्वश्रेष्ठ 735 रेटिंग अंक हैं। खास बात यह है कि वह टेस्ट रैंकिंग की किसी भी श्रेणी में टॉप-10 में पहुंचने वाले अफगानिस्तान के पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
रहमत शाह (Rahmat Shah) के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि उन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर कई बड़े अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजों को पीछे छोड़ा है। इस सूची में भारतीय कप्तान शुभमन गिल, दक्षिण अफ्रीका के एडेन मार्करम और श्रीलंका के कामिंदु मेंडिस जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।
जिम्बाब्वे के खिलाफ 173 रन की पारी ने बदली तस्वीर
रहमत शाह (Rahmat Shah) की इस ऐतिहासिक छलांग के पीछे जिम्बाब्वे के खिलाफ खेली गई 173 रन की शानदार पारी है। शारजाह में खेले गए दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में उन्होंने मुश्किल परिस्थितियों में बेहतरीन बल्लेबाजी की। उनकी यह पारी टेस्ट करियर का पांचवां शतक और इस साल का दूसरा शतक था।
यह मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ, लेकिन रहमत की बल्लेबाजी ने उन्हें रैंकिंग में बड़ा फायदा पहुंचाया। उनके प्रदर्शन ने अफगानिस्तान क्रिकेट की ताकत को एक बार फिर दुनिया के सामने रखा है।
शुभमन गिल को हुआ नुकसान, पंत भी फिसले
दूसरी ओर, भारतीय बल्लेबाजों के लिए ताजा टेस्ट रैंकिंग अच्छी खबर लेकर नहीं आई। शुभमन गिल एक स्थान नीचे खिसककर 10वें नंबर पर पहुंच गए हैं। उनके खाते में 697 रेटिंग अंक हैं। वहीं ऋषभ पंत (Rishabh Pant) भी एक स्थान गिरकर आठवें नंबर पर आ गए हैं। पंत के 713 अंक हैं। टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में इंग्लैंड के हैरी ब्रूक पहले और जो रूट दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। रहमत शाह (Rahmat Shah) की यह कामयाबी अफगानिस्तान क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक है।
