क्रिकेट की दुनिया में 2018 का सैंडपेपर गेट विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा (Usman Khawaja) ने अपनी आत्मकथा ‘सब्र’ (Sabr) में इस पुराने मामले को लेकर कई अहम खुलासे किए हैं। उनका दावा है कि गेंद से छेड़छाड़ की घटना की जानकारी सिर्फ कुछ खिलाड़ियों को नहीं, बल्कि पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को थी। अब उनके इस बयान पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा (Aakash Chopra) ने सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने पूछा है कि अगर ख्वाजा को सच्चाई पता थी तो उन्होंने इतने साल तक चुप्पी क्यों साधे रखी?
Usman Khawaja ने अपनी किताब में क्या किया खुलासा?
उस्मान ख्वाजा (Usman Khawaja) ने अपनी आत्मकथा में 2018 के केपटाउन टेस्ट के दौरान हुए सैंडपेपर गेट विवाद का जिक्र किया है। उस समय ऑस्ट्रेलियाई टीम दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर थी। मुकाबले के दौरान कैमरन बैनक्रॉफ्ट (Cameron Bancroft) को गेंद पर सैंडपेपर का इस्तेमाल करते हुए कैमरे में पकड़ा गया था।
इस मामले में तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ (Steve Smith), डेविड वॉर्नर (David Warner) और बैनक्रॉफ्ट पर कार्रवाई हुई थी। स्मिथ और वॉर्नर को 12 महीने, जबकि बैनक्रॉफ्ट को 9 महीने का प्रतिबंध झेलना पड़ा था। ख्वाजा का कहना है कि इस घटना की जिम्मेदारी केवल तीन खिलाड़ियों तक सीमित नहीं थी, बल्कि पूरी टीम को इसकी जानकारी थी। डेविड वॉर्नर ने भी ख्वाजा के खुलासे का समर्थन किया है।
आकाश चोपड़ा बोले- किताब बेचनी है, इसलिए उठाया मुद्दा
उस्मान ख्वाजा (Usman Khawaja) के इस खुलासे पर आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब यह घटना हुई थी, तब ख्वाजा ने सामने आकर सच्चाई क्यों नहीं बताई? आकाश के मुताबिक, अगर वह उस समय टीम का हिस्सा होने की वजह से कुछ नहीं बोल पा रहे थे तो संन्यास लेने के तुरंत बाद भी इस बारे में खुलासा कर सकते थे।
आकाश ने तंज कसते हुए कहा कि अब उस्मान ख्वाजा (Usman Khawaja) को अपनी किताब बेचनी है, इसलिए आठ साल पुराने मामले को फिर से उठाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि सच्चाई सामने आनी चाहिए, लेकिन इसके लिए किताब का इंतजार करने की जरूरत नहीं थी। एक वीडियो या सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भी यह बात कही जा सकती थी।
Usman Khawaja ने भी आरोपों पर दिया जवाब
इस पूरे विवाद के बीच उस्मान ख्वाजा (Usman Khawaja) ने किताब की बिक्री को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब भी दिया है। उन्होंने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सैंडपेपर विवाद उनके प्रकाशक के साथ किताब के सौदे का हिस्सा नहीं था। उनके मुताबिक, उन्होंने 2023 में किताब का करार किया था और अंतिम पांडुलिपि तैयार होने तक प्रकाशक को इस खुलासे की जानकारी नहीं थी।
उस्मान ख्वाजा (Usman Khawaja) ने यह भी स्पष्ट किया कि उनका मकसद पैसे कमाना नहीं, बल्कि अपनी तरफ से उस घटना की सच्चाई बताना है। ऐसे में आकाश चोपड़ा की टिप्पणी के बाद क्रिकेट जगत में इस पुराने विवाद को लेकर बहस और तेज हो गई है।
ALSO READ : हार्दिक पांड्या के जाने से मुंबई इंडियंस की चमकेगी किस्मत? अर्शदीप सिंह की एंट्री से बदल जाएगा पूरा खेल!
