SECL : शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। देश की दिग्गज सरकारी कंपनी कोल इंडिया (Coal India) अपनी एक और सहायक कंपनी को शेयर बाजार में उतारने की तैयारी कर रही है। इस आईपीओ (IPO) के जरिए 66 करोड़ से ज्यादा शेयर बेचे जाएंगे। कंपनी का नाम साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (South Eastern Coalfields Limited) है। इस आईपीओ को लेकर निवेशकों के बीच चर्चा तेज हो गई है। खास बात यह है कि कंपनी का कारोबार और मुनाफा दोनों काफी बड़े हैं।
किस कंपनी का आने वाला है बड़ा IPO?
दरअसल, कोल इंडिया ने अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) का आईपीओ लाने के लिए ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल कर दिया है। कंपनी के दस्तावेजों के मुताबिक, इस आईपीओ के जरिए कुल 66.81 करोड़ शेयर बेचने की योजना है।
ये शेयर कोल इंडिया की हिस्सेदारी से बेचे जाएंगे। फिलहाल SECL में कोल इंडिया की 100 फीसदी हिस्सेदारी है। प्रस्तावित आईपीओ पूरा होने के बाद यह हिस्सेदारी घटकर 90 फीसदी रह जाएगी। इस तरह SECL को शेयर बाजार में अलग पहचान मिलेगी।
66.81 करोड़ शेयरों की होगी बिक्री, किसे मिलेगा पैसा?
इस IPO की सबसे खास बात इसका ऑफर फॉर सेल (OFS) होना है। यानी इसमें कंपनी नए शेयर जारी करके पैसा नहीं जुटाएगी, बल्कि मौजूदा प्रमोटर कोल इंडिया अपने शेयर बेचेगी। इसलिए IPO से मिलने वाली पूरी रकम कोल इंडिया के पास जाएगी। SECL को इस बिक्री से सीधे कोई पैसा नहीं मिलेगा। फिलहाल कंपनी ने IPO का प्राइस बैंड, इश्यू साइज और खुलने की तारीख घोषित नहीं की है। निवेशकों को इन जानकारियों के लिए आगे आने वाले आधिकारिक दस्तावेजों का इंतजार करना होगा।
कितना बड़ा है SECL का कारोबार और मुनाफा?
वित्त वर्ष 2025-26 में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड ने 32,956.52 करोड़ रुपये का राजस्व दर्ज किया था। वहीं, कंपनी का शुद्ध मुनाफा 4,754.59 करोड़ रुपये रहा। इस दौरान कंपनी ने 176.29 मिलियन टन कोयले का उत्पादन किया था। यही वजह है कि SECL का प्रस्तावित आईपीओ बाजार में चर्चा का विषय बना हुआ है। इससे पहले जियो प्लेटफॉर्म्स (Jio Platforms) और एनएसई (NSE) जैसे बड़े नाम भी शेयर बाजार में सुर्खियां बटोर चुके हैं।
हालांकि, SECL के आईपीओ में निवेश करने का फैसला लेने से पहले निवेशकों को कंपनी की वैल्यूएशन, प्राइस बैंड और जोखिम से जुड़ी जानकारियां जरूर देखनी चाहिए।
ALSO READ : शेयर बाजार में कल नहीं होगा कारोबार! BSE-NSE पर क्यों लगा ब्रेक, निवेशकों के लिए सामने आई बड़ी वजह
