आईपीएल 2027 (IPL 2027) के मिनी ऑक्शन से पहले ही चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) और सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) के बीच बड़ी ट्रेड डील की खबर सामने आई है। दोनों फ्रेंचाइजी के बीच चार खिलाड़ियों की अदला-बदली हुई है। इस ट्रेड में इंग्लैंड के विस्फोटक ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन (Liam Livingstone) को चेन्नई ने अपने साथ जोड़ लिया है। वहीं, हैदराबाद को दो तेज गेंदबाज मिले हैं। इस डील के बाद दोनों टीमों की रणनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
लियाम लिविंगस्टोन और जैक एडवर्ड्स CSK में शामिल
रिपोर्ट के मुताबिक, इस चार खिलाड़ियों की ट्रेड डील में चेन्नई सुपर किंग्स को लियाम लिविंगस्टोन और ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स (Jack Edwards) मिले हैं। लियाम लिविंगस्टोन को सनराइजर्स हैदराबाद ने 13 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था। हालांकि, अब वह 6 करोड़ रुपये की नई फीस पर चेन्नई का हिस्सा बने हैं।
IPL पिछले सीजन में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। उन्हें सिर्फ दो मुकाबलों में खेलने का मौका मिला था। वहीं, जैक एडवर्ड्स 3 करोड़ रुपये की फीस पर चेन्नई पहुंचे हैं। पिछले IPL सीजन में उन्हें हैदराबाद की तरफ से एक भी मुकाबला खेलने का मौका नहीं मिला था। चेन्नई को उम्मीद होगी कि दोनों खिलाड़ी टीम के ऑलराउंड विभाग को मजबूती देंगे।
SRH को मिले खलील अहमद और नाथन एलिस
इस ट्रेड में सनराइजर्स हैदराबाद ने भी अपने स्क्वॉड में बड़ा बदलाव किया है। टीम को चेन्नई सुपर किंग्स से भारतीय तेज गेंदबाज खलील अहमद (Khaleel Ahmed) और ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज नाथन एलिस (Nathan Ellis) मिले हैं। खलील अहमद पहले भी हैदराबाद की टीम का हिस्सा रह चुके हैं। वह 2018 से 2021 के बीच इस फ्रेंचाइजी के लिए खेल चुके हैं।
पिछले IPL सीजन में चेन्नई की तरफ से उन्होंने पांच मुकाबले खेले थे, लेकिन चोट के कारण उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा था। दूसरी तरफ, नाथन एलिस भी पिछले सीजन में चोट के कारण चेन्नई के लिए नहीं खेल पाए थे। ऐसे में हैदराबाद को उम्मीद होगी कि दोनों गेंदबाज आगामी सीजन में उसकी तेज गेंदबाजी को नई ताकत देंगे।
IPL 2027 में बदली-बदली नजर आएंगी दोनों टीमें
इस चार खिलाड़ियों की अदला-बदली से चेन्नई और हैदराबाद दोनों ने अपनी टीम की जरूरतों के हिसाब से बदलाव किया है। चेन्नई को दो ऑलराउंडर मिले हैं, जबकि हैदराबाद ने अपनी गेंदबाजी मजबूत करने की कोशिश की है। IPL 2027 से पहले यह ट्रेड डील दोनों फ्रेंचाइजी के लिए काफी अहम मानी जा रही है। अब देखना दिलचस्प होगा कि नए खिलाड़ियों के साथ दोनों टीमें आगामी सीजन में कैसा प्रदर्शन करती हैं।
