31 अक्टूबर, गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को क्रांतिधरा चौरी चौरा से समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर अब तक का सबसे तीखा प्रहार किया। 287 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 84 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी की यही उपलब्धि है कि उसने अपनी चार बार की सरकार में प्रदेश के भीतर 1500 दंगे करवाए थे।
सपा ने अपनी सरकारों में 10 लाख गुंडे पाले हुए थे जो हर जिले में लूटपाट करते थे, गरीबों की जमीनों पर कब्जा करते थे और बेटियों व व्यापारियों की सुरक्षा के लिए खतरा बने हुए थे। इसके विपरीत भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने पिछले 10 वर्षों में 10 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी दी है और माफिया को मिट्टी में मिलाने का काम किया है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने गोड़धोइया नाला परियोजना के 495 करोड़ रुपये के प्रथम चरण का लोकार्पण और 880 करोड़ रुपये के द्वितीय चरण, गोरखपुर सीवरेज योजना के जोन ए तीन एवं प्रस्तावित सर्विस रोड की आधारशिला भी रखी।
साजिशकर्ताओं और अराजक तत्वों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई का आह्वान
देश में माहौल बिगाड़ने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में 46 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं और 55 करोड़ लोगों को जनधन खातों व आयुष्मान भारत का लाभ मिला है। बिचौलियों का खेल खत्म होने से परेशान भ्रष्टाचारी तत्व आज सड़कों पर अराजकता पैदा कर रहे हैं। ये लोग किसान, महिला, युवा और राष्ट्र की सुरक्षा के विरोधी हैं तथा नक्सलवाद, आतंकवाद व अलगाववाद के समर्थक हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जब देश अपनी आजादी के शताब्दी महोत्सव की ओर बढ़ रहा है, तब हमें इन साजिशकर्ताओं और अराजकतावादियों को माहौल बिगाड़ने की छूट नहीं देनी है। इनके खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने की तैयारी करनी होगी और इनके दुष्प्रचार का मुकाबला करने के लिए आम जनमानस को स्वयं खड़ा होना पड़ेगा।
सपा का मतलब बदमाश को बुलावा, भाजपा का मतलब विकास और बदलाव
सपा के शासनकाल की याद दिलाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि तब देख सपाई बिटिया घबराई का नारा चलता था। बेटियां स्कूल जाने से डरती थीं और पर्व व त्योहारों से पहले उपद्रव शुरू हो जाते थे, महीनों कर्फ्यू लगा रहता था। सपा का मतलब बदमाश को बुलाना था जबकि भाजपा का मतलब बदलाव का सारथी बनना है।
हमारी सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि बेटी के साथ छेड़खानी करने वाले और व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों के लिए केवल दो ही जगह होंगी, या तो जेल या फिर जहन्नुम। पहले की सरकारों ने वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया दिया था, जबकि हमने वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज, वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट और वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन देकर उत्तर प्रदेश को उत्सव और प्रगति की धरती बना दिया है।
अन्नदाता किसानों के लिए जल्द आएगा नया आर्थिक पैकेज
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के अन्नदाता किसानों को आश्वस्त करते हुए बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि चक्रवात, असमय बरसात, अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को जो नुकसान हुआ है, डबल इंजन की सरकार उसकी पूरी भरपाई करेगी। पहले दिया गया मुआवजा नाकाफी है, इसलिए सभी जिला प्रशासनों को तत्काल सर्वे कर राहत देने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार किसानों के लिए जल्द ही एक नया पैकेज लेकर आएगी जिससे हर किसान के नुकसान की पूरी भरपाई सुनिश्चित की जा सके।
चौरी चौरा के क्रांतिकारियों की पैरवी नेहरू ने नहीं, मालवीय जी ने की थी
शहीदों को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की पंक्तियों का उल्लेख किया और कांग्रेस के झूठ को बेनकाब किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग हाय तौबा मचाते हैं कि पंडित जवाहरलाल नेहरू बहुत बड़े अधिवक्ता थे, लेकिन 4 फरवरी 1922 की ऐतिहासिक चौरी चौरा घटना में जब अंग्रेजों ने 172 किसानों, श्रमिकों और व्यापारियों को फांसी की सजा सुनाई, तब नेहरू पैरवी करने नहीं आए थे।
उस समय पंडित मदन मोहन मालवीय ने क्रांतिकारियों की मजबूत पैरवी कर 151 देशभक्तों को फांसी के फंदे से बचाया था। प्रधानमंत्री मोदी ने महामना मालवीय को भारत रत्न देकर उन क्रांतिकारियों और युवाओं का सम्मान किया है। मुख्यमंत्री ने अमर शहीद बाबू बंधु सिंह के बलिदान और मां तरकुलहा देवी की महिमा का भी स्मरण किया।
शहीद स्मारक ओवरब्रिज से जाम से मुक्ति, किसी व्यापारी की दुकान नहीं टूटेगी
मुख्यमंत्री ने भोपा बाजार रेलवे क्रॉसिंग पर बने नए ओवरब्रिज का नाम शहीद स्मारक ओवरब्रिज रखने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पहले यहां घंटों जाम लगता था, लेकिन अब दो रेलवे ओवरब्रिज बनने से आवागमन सुगम हो गया है। इस मार्ग के निर्माण से अधिक पैसा मुआवजे में दिया गया है और प्रशासन को स्पष्ट निर्देश हैं कि बाजार में किसी भी व्यापारी की दुकान तोड़े बिना सड़क का नक्शा बनाया जाए, क्योंकि व्यापारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ होते हैं।
उन्होंने नगर पंचायत कार्यालय के लिए जमीन मिलने पर तत्काल बजट देने की भी घोषणा की, जहां एक ही छत के नीचे सीसीटीवी निगरानी, डिजिटल लाइब्रेरी और सभी प्रमाण पत्रों की इंटीग्रेटेड सुविधा मिलेगी।
विपक्ष के षड्यंत्रों से सावधान रहे जनता: कमलेश पासवान और संजय निषाद
समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि आरओबी बनने से 30 हजार लोगों का आवागमन सुगम होगा। देश और प्रदेश के विकास से घबराया विपक्ष सड़क पर उपद्रव कर रहा है, लेकिन सरकारें उपद्रव से नहीं बल्कि ईवीएम से बदलती हैं। कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने कहा कि योगी और मोदी ने प्रदेश से राजनीतिक लुटेरों को भगाने का काम किया है।
पिछली सरकारों ने 67 साल में मछुआरों को एक रुपया नहीं दिया, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने साढ़े 61 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाएं दी हैं और गोरखपुर में वर्ल्ड फिशरीज सेंटर खुल रहा है। चौरी चौरा के विधायक श्रवण कुमार निषाद ने क्षेत्र में साढ़े चार साल में 504 सड़कों का जाल बिछाने और फायर स्टेशन देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और कृषि यंत्रों की चाबी दी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र और कृषि यंत्रों की चाबी प्रदान की। ब्रह्मपुर के मठिया गांव निवासी रामबचन को कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए चाबी और प्रमाणपत्र दिया गया। भैंसही, ब्रह्मपुर के किसान अशोक सिंह को प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। सरैया, सरदारनगर के राजमंगल को सुपर सीडर यंत्र का प्रमाणपत्र दिया गया।
मुख्यमंत्री आवास योजना की लाभार्थी शीला देवी, उषा देवी, गुंजा देवी और सुनीता देवी को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। वहीं, प्रगतिशील किसानों रामप्रीत मौर्य, देवेंद्र प्रताप, खैराबाद के रामभजन मौर्य और लालजी को प्रशस्ति पत्र और बीज किट देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम रहे उपस्थित
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ केंद्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान, कैबिनेट मंत्री संजय निषाद, राज्यसभा सांसद संगीता यादव, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह, चौरी-चौरा विधायक श्रवण कुमार निषाद, विधायक श्रीराम चौहान, विधायक जयप्रकाश निषाद, विधायक प्रदीप शुक्ला, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, भाजपा जिला प्रभारी अजय सिंह गौतम, भाजपा जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, ब्लॉक प्रमुख ब्रह्मपुर सुमन यादव, चौरी-चौरा नगर पंचायत अध्यक्ष सनी जायसवाल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दीपक जायसवाल और मंडल अध्यक्ष तारकेश्वर जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
ALSO READ: मुलायम सिंह की पंरपरा भूले अखिलेश, कांग्रेस के लिए दरी बिछाने दिल्ली पहुंचे: मंत्री ओपी राजभर
