Posted inन्यूज, झारखंड, राजनीति

15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता का समापन: CM हेमंत सोरेन ने विजेताओं को किया सम्मानित

News on WhatsAppJoin Now

राजधानी रांची के होटवार स्थित खेलगांव के बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में आयोजित 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता (2026-27) का सोमवार को भव्य समापन हुआ। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर विभिन्न राज्यों और केंद्रीय पुलिस बलों से पहुंचे विजेता खिलाड़ियों और टीमों को पुरस्कृत किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी करना झारखंड के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि खेल से अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।

एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता अंकिता भकत का सम्मान

समापन अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने टाटा आर्चरी एकेडमी की स्टार तीरंदाज अंकिता भकत को विशेष रूप से सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि अंकिता भकत के नेतृत्व में भारतीय तीरंदाजी टीम ने एशियाई खेलों (Asian Games) में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतकर देश और राज्य का मान बढ़ाया था।

पुरुष व महिला वर्ग की विजेता टीमें

प्रतियोगिता में देश भर की पुलिस और अर्धसैनिक बलों के तीरंदाजों ने अपने निशाने साधे, जिसके परिणाम इस प्रकार रहे:

महिला वर्ग:

प्रथम स्थान: केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) – 37 अंक

द्वितीय स्थान: उत्तर प्रदेश पुलिस – 34 अंक

संयुक्त तृतीय स्थान: असम राइफल्स और सीमा सुरक्षा बल (BSF) – 23-23 अंक

पुरुष वर्ग:

प्रथम स्थान: भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) – 53 अंक

द्वितीय स्थान: उत्तर प्रदेश पुलिस – 22 अंक

तृतीय स्थान: राजस्थान पुलिस – 21 अंक

शीर्ष अधिकारी रहे उपस्थित

समापन समारोह में राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, पुलिस महानिदेशक (DGP) तदाशा मिश्रा, अखिल भारतीय पुलिस खेल नियंत्रण बोर्ड (AIPSCB) की प्रतिनिधि मीणा भारती, एडीजी प्रिया दुबे, एडीजी मनोज कौशिक सहित कई वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।