Posted inन्यूज, बिहार, राजनीति

बिहार में जन-जन तक पहुंचेंगे डॉ. हेडगेवार के विचार: सम्राट चौधरी

News on WhatsAppJoin Now

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष के अवसर पर बिहार सरकार संघ संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन मूल्यों और विचारों को राज्य भर के युवाओं तक पहुंचाने की दिशा में कदम बढ़ा रही है। पटना के बापू सभागार में आयोजित ‘संघ सृजन का आविष्कार: युगप्रवर्तक डॉ. हेडगेवार’ महानाट्य के मंचन का शुभारंभ करते हुए सम्राट चौधरी ने यह घोषणा की।

युवाओं को राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में बोलते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में दो करोड़ से अधिक युवा हैं। आज की नई पीढ़ी, विशेषकर जेन-जी (Gen-Z) को डॉ. हेडगेवार के जीवन, उनके त्याग और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण से रूबरू कराना अत्यंत आवश्यक है। डॉ. हेडगेवार ने संगठन और राष्ट्रसेवा की जो नींव रखी थी, उसी के माध्यम से आज लाखों स्वयंसेवक सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन में लगे हुए हैं।

राज्य के अन्य जिलों में भी होगा मंचन

इस दौरान बताया गया कि नागपुर की नादब्रह्म संस्था द्वारा तैयार किए गए इस महानाट्य का मंचन केवल पटना तक सीमित नहीं रहेगा। राज्य सरकार की योजना है कि इसे बिहार के विभिन्न जिलों में भी प्रदर्शित किया जाए, जिससे ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों के युवा भी डॉ. हेडगेवार के विचारों से प्रेरित हो सकें।

कार्यक्रम में कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार, आरएसएस के क्षेत्रीय कार्यवाह डॉ. मोहन सिंह और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान की प्रस्तुति देकर देशभक्ति का माहौल बनाया।