Posted inउत्तर प्रदेश, न्यूज, राजनीति

‘EVM से चुनाव हो तो दिक्कत, बैलट पेपर से हो तो दिक्कत’, ओपी राजभर ने अखिलेश पर कसा तंज

OP Rajbhar on Akhilesh Yadav
‘EVM से चुनाव हो तो दिक्कत, बैलट पेपर से हो तो दिक्कत’, ओपी राजभर ने अखिलेश पर कसा तंज
News on WhatsAppJoin Now

लखनऊ, 23 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। एमएलसी चुनाव को लेकर उन्होंने दावा किया कि अखिलेश यादव केवल हार का बहाना ढूंढ रहे हैं। ईवीएम से चुनाव हो तो भी आरोप लगाते हैं और बैलट पेपर से चुनाव होने पर भी सवाल उठाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करते हैं और यही उनकी फितरत है। वहीं, भाजपा के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने दावा किया कि एमएलसी चुनाव में सभी 11 सीटें भाजपा के खाते में जाएंगी और 2027 में प्रचंड बहुमत से एनडीए की ही सरकार बनेगी।

राजभर ने कहा कि खुद रामगोपाल यादव ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और कटवाने की प्रक्रिया समय पर पूरी नहीं करने के लिए सपा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने अखिलेश से सवाल किया कि जब दोनों के बयान अलग हैं, तो सही किसे माना जाए? ऐसे में अखिलेश यादव को पहले अपनी पार्टी के भीतर उठे सवालों का जवाब देना चाहिए।

‘हर चुनाव से पहले बड़बोलापन करते हैं अखिलेश’

एमएलसी चुनाव को 2027 के विधानसभा चुनाव का ट्रेलर बताते हुए राजभर ने दावा किया कि भाजपा जीतने जा रही है। उन्होंने कहा कि अखिलेश चुनाव से पहले बड़े-बड़े दावे करते हैं, लेकिन नतीजे आने पर उन्हें जमीनी हकीकत का एहसास होता है। इस चुनाव के परिणाम से सपा की वास्तविक स्थिति का पता चल जाएगा।

‘बैलट पेपर से भी सपा को मिलेगी हार’

वहीं, भाजपा के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने भी सपा सुप्रीमो पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव खुद बैलट पेपर से चुनाव कराने की मांग करते रहे हैं और अब शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव बैलट पेपर से हो रहे हैं तो फिर वही पुराना राग अलाप रहे हैं। अखिलेश को परिणाम का इंतजार करना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सभी 11 सीटें जीतेगी।

दिनेश प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि हार की आशंका में अखिलेश पहले से ही चुनाव आयोग और अन्य एजेंसियों पर सवाल उठा रहे हैं। 2017 के बाद से सपा लगातार चुनाव हार रही है और 2027 में भी प्रचंड बहुमत के साथ तीसरी बार एनडीए ही सरकार बनाएगी।

ALSO READ: 2027 का ट्रेलर है MLC चुनाव, अखिलेश यादव के ‘बड़बोलेपन’ की होगी हार: कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह

अभिषेक को खेल से अटूट रिश्ते ने पत्रकार बनाया। 2016 में मीडिया डेब्यू किया तब से...